विंडीज की बॉलिंग के आगे पाकिस्तान हुआ पस्त
पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप का दूसरा मैच नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर खेला जा रहा है | अपने तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 105 रनों पर ढेर कर दिया | विश्व कप में पाकिस्तान का यह दूसरा न्यूनतम योग है | पाकिस्तानी टीम 21.4 ओवर खेल पाई | पाकिस्तान की टीम 1992 में इंग्लैंड के खिलाफ 74 रनों पर सिमट गई थी | टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम को ओर से फखर जमान और बाबर आजम ने 22-22 रन बनाए | वेस्टइंडीज की ओर से ओसाने थॉमस ने चार विकेट लिए जबकि कप्तान जेसन होल्डर को तीन सफलता मिली | इसके अलावा आंद्रे रसेल को दो और शेल्डन कॉटरेल को एक सफलता मिली | पाकिस्तानी की शुरुआत इमाम उल हक और फखर जमां की जोड़ी ने की, लेकिन शुरुआती 15 ओवर में चार विकेट गंवाकर टीम मुश्किल में फंस गई | तीसरे ओवर में ही पाकिस्तान टीम ने इमाम के रूप में पहला विकेट गंवा दिया | शेल्डर कोटरेल ने इमाम (2) को विकेटकीपर शाई होप से कैच कराया | आक्रामक अंदाज में खेल रहे फखर जमान (22 रन, 16 गेंद, दो चौके, एक छक्का) भी ज्यादा नहीं टिके और रसेल ने अपने अपने पहले और पारी के छठे ओवर में उन्हें बोल्ड कर दिया | बाबर का साथ देने हैरिस सोहेल (8) आए लेकिन 10 ओवर के पहले टीम ने उनका विकेट भी गंवा दिया | सोहेल को रसेल ने शाई होप से झिलवाया | 10 ओवर के बाद स्कोर तीन विकेट खोकर 45 रन था | टीम के 50 रन 11 ओवर में पूरे हुए | ऐसे मुश्किल वक्त में पाकिस्तान को बाबर आजम (22) से उम्मीद थी | लेकिन, ओशेन थॉमस ने उन्हें आउट करके सरफराज की टीम के हौसले पस्त कर दिए |


