विश्व कप से पहले कप्तान ने केएल राहुल के लिए कही ये बात
विश्व कप से पहले वॉर्मअप मैच में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार शतक लगाकर केएल राहुल चौथे नंबर के लिए मजबूती से अपना दावा पेश करने में सफल रहे | अब टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 जून को होने वाले पहले मुकाबले से पूर्व राहुल की फॉर्म को सबसे बड़ी राहत की बात बताया है | मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने विश्व कप के लिए टीम का ऐलान करते हुए चौथे नंबर के लिए विजय शंकर का नाम घोषित किया था, लेकिन अब कप्तान विराट कोहली ने संकेत दिए हैं कि टीम प्रबंधन ने इस क्रम के लिए राहुल के नाम पर भी विकल्प खुले रखे हैं | भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि टीम में मौजूद सभी खिलाड़ी अपनी भूमिका अच्छी तरह जानते हैं |
केएल राहुल जिस तरह रन बना रहे हैं, वह महत्वपूर्ण है | वह वास्तव में बेहतरीन खिलाड़ी हैं | वह स्कोरबोर्ड को चलाते रहते हैं | जैसा कि आप सभी ने देखा कि उनके पास कितना कौशल है | बांग्लादेश के खिलाफ वॉर्मअप मैच में विजय शंकर के टीम में होने के बावजूद केएल राहुल को चौथे नंबर पर उतारा गया था | माना जा रहा है कि कप्तान विराट कोहली खुद भी केएल राहुल को ही इस क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतारना चाहते हैं | हालांकि राहुल और विजय शंकर के अलावा दिनेश कार्तिक और केदार जाधव भी चौथे नंबर की होड़ में शामिल हैं |


