विश्व कप-2019: पाकिस्तान आज अपने तीसरे मैच में श्रीलंका से भिड़ेगी
पाकिस्तान की टीम आईसीसी विश्व कप-2019 के अपने तीसरे मैच में ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर श्रीलंका से भिड़ेगी। पाकिस्तान को विश्व कप के अपने पहले मैच में वेस्टइंडीज ने 105 रनों पर ढेर कर दिया था, लेकिन दूसरे मैच में 1992 की विश्व विजेता टीम ने इस विश्व कप की सबसे मजबूत दावेदार और मेजबान टीम इंग्लैंड को मात देकर सभी को हैरान कर दिया। श्रीलंका को न्यूजीलैंड ने पहले मैच में 136 रनों पर समेट दिया था। दूसरे मैच में श्रीलंका का सामना छुपे रुस्तम अफगानिस्तान से था। लग रहा था कि मजबूत गेंदबाजी वाली अफगानिस्तानी टीम इस मैच में श्रीलंका को पटखनी देगी। लेकिन 1996 की विश्व विजेता ने 34 रनों से मैच अपने नाम कर जीत के रास्ते पर वापसी की। पिछले मैच के प्रदर्शन को देखते हुए पाकिस्तान का इस मैच में पलड़ा भारी लग रहा है | इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान की टीम में जो अनुभवी खिलाड़ी हैं उन्होंने अपनी अहमियत दिखाई।
मसलन प्रोफेसर के नाम से मशहूर मोहम्मद हफीज और टीम के सबसे अच्छे बल्लेबाज माने जाने वाले बाबर आजम के अलावा कप्तान सरफराज अहमद ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। वहीं फखर जमान और इमाम उल हक की सलामी जोड़ी ने टीम को मजबूत शुरूआत दी थी। अनुभवी खिलाड़ियों का होना पाकिस्तान के लिए सरप्लस है जो श्रीलंका के पास नहीं है। श्रीलंका के पास ले देकर एंजेलो मैथ्यूज ही एक अनुभवी खिलाड़ी हैं लेकिन इस समय उन्हें क्या हुआ यह किसी को पता नहीं। बल्ला और गेंद दोनों मैथ्यूज से मानो रूठे बैठे हैं। कुसल परेरा के अलावा कोई और बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सकेगा। श्रीलंका को जीत उसकी गेंदबाजी ने दिलाई थी। नुवान प्रदीप ने अहम समय पर चार विकेट लेकर अफगानिस्तान को हार के लिए विवश कर दिया था।


