श्रीलंका ने कहा की वह पाकिस्तान दौरे पर जाने के लिए फिर से विचार करेगा
श्रीलंका और पाकिस्तान (Sri Lanka vs Pakistan) के बीच 27 सितंबर से वनडे और टी20 सीरीज प्रस्तावित है | श्रीलंका की टीम (Sri Lanka) को पाकिस्तान का दौरान करना है | अपने खिलाड़ियों से विवादों के बीच श्रीलंका क्रिकेट (Sri Lanka Cricket) ने इस सीरीज के लिए जैसे ही टीम घोषित की, वैसे ही एक बड़ी खबर आ गई | खबर आई कि पाकिस्तान दौरे पर श्रीलंका की टीम पर आतंकी हमले का खतरा है | अब दूध का जला तो छाछ भी फूककर पीता है | श्रीलंका ने भी कह दिया कि वह इस दौरे पर जाने के बारे में फिर से विचार करेगा | श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने बुधवार को कहा कि उसे चेतावनी मिली है कि उसकी राष्ट्रीय टीम पाकिस्तान के आगामी दौरे के दौरान आतंकी हमले का निशाना बन सकती है |
प्रधानमंत्री कार्यालय ने उन्हें ‘स्थिति का पुन: आकलन’ करने की सलाह दी है | श्रीलंका को पाकिस्तान दौरे पर तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलने हैं | इसी दौरे से पहले राष्ट्रीय टीम के खिलाफ आतंकी हमले की विश्वसनीय सूचना मिली है | श्रीलंका के क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने अभी दौरा रद्द नहीं किया है | उसने कहा कि श्रीलंका सरकार के प्राधिकरण से सुरक्षा स्थिति का फिर से आकलन कराया जाएगा | श्रीलंका की क्रिकेट टीम पर पाकिस्तान में ही एक बार आतंकी हमला हो चुका है | श्रीलंकाई टीम मार्च 2009 में लाहौर टेस्ट मैच के दौरान आतंकी हमले का शिकार हो गई थी | आतंकियों ने श्रीलंका की टीम बस पर गोलियां बरसाई थीं | इसमें टीम के छह खिलाड़ी घायल हो गए थे | श्रीलंका के सीनियर खिलाड़ी पहले ही सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान के आगामी दौरे से हट गए हैं | श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान के आगामी दौरे के लिए बुधवार को वनडे और टी20 टीमों की घोषणा की | इसके कुछ देर बाद ही उसका आतंकी हमले से जुड़ा यह बयान जारी किया गया है |























