भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच आज
भारत और बांग्लादेश के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का दूसरा और अखिरी टेस्ट मैच 22 नवंबर से खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होगा। इस ऐतिहासिक डे-नाइट टेस्ट मैच में भारतीय टीम सीरीज क्लीन स्वीप करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। इंदौर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत ने बांग्लादेश को पारी और 130 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है। इसके साथ ही भारत ने आईसीसी विश्च चैंपियनशिप की अंकतालिका में अपनी बढ़त को भी मजबूत कर लिया है। इंदौर टेस्ट तीन दिन में ही समाप्त हो गया था। उस मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने 243 रनों की शानदार पारी खेली थी, जबकि बांग्लादेश की टीम पहली पारी में 150 और दूसरी पारी में 213 रन पर ऑल आउट हो गई थी। दुनिया की नंबर वन टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली की टीम टेस्ट चैंपियनशिप के शुरू होने के बाद से अब तक सभी छह मैच जीत चुकी है।
इसमें से वह वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुई सीरीज में क्लीन स्वीप कर चुकी है। भारतीय टीम की नजरें अब इस सीरीज में भी क्लीन स्वीप करने पर लगी हुई है | दोनों टीमों के लिए यह मैच ऐतिहासिक होने वाला है, क्योंकि दोनों टीमें पहली बार अपना दिन-रात टेस्ट मैच खेलने के लिए उतर रही हैं। मैच की शुरुआत से पहले आर्मी पैराट्रूपर्स के जवान उड़कर ईडन गार्डन्स आएंगे और चे दोनों कप्तानों को पिंक बॉल सौपेंगे। इसके बाद टॉस की जाएगी और फिर राजनीतिज्ञों, खेल दिग्गजों और खचाखच भरे दर्शकों की मौजूदगी में मैच की शुरूआत की जाएगी।
ईडन गार्डन्स में खेले जाने वाला यह मैच एसजी गेंद से खेला जाएगा और यह देखना दिलचस्प होगा कि यह किस तरह से बर्ताव करती है। इस 'ट्विलाइट जोन' भारतीय बल्लेबाजों, खासकर कोहली के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होने वाली है, क्योंकि उन्हें अभी तक गुलाबी गेंद से खेलने का अनुभव नहीं है। इसके अलावा बांग्लादेश के भी किसी खिलाड़ी को गुलाबी गेंद से खेलने का अनुभव नहीं है। ऐसे में उनके लिए भी यह मैच काफी चुनौतीपूर्ण होने वाली है।






























