इंग्लैंड में एक क्रिकेट क्लब ने लगातार क्रिकेट खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
इंग्लैंड में एक क्रिकेट क्लब ने लगातार क्रिकेट खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया | बेडफॉर्डशर (Bedfordshire) के एक क्लब के खिलाड़ी लगातार 7 दिन तक क्रिकेट खेलते रहे | ब्लनहाम क्रिकेट क्लब (Blunham Cricket Club) के 24 खिलाड़ी बिना रूके तेज गर्मी और रह-रहकर आ रही बारिश का सामना करते हुए मैदान में डटे रहे और खेलते रहे | इस क्लब ने लगातार 168 घंटे क्रिकेट खेला जो कि एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है | इस कारनामे के सबूत गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को भेज दिए गए हैं | क्लब के कप्तान जॉर्ज हटसन ने इस बारे में बताया कि वे लंबे समय से इस रिकॉर्ड के लिए तैयारी कर रहे थे | हटसन क्रिकेट खेलने के साथ ही एक फर्नीचर कंपनी में सेल्स इंजीनियर के रूप में काम करते हैं |
उन्होंने बताया 9 महीने पहले मैंने वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रयास की तैयारी शुरू की | इसमें 24 खिलाड़ियों के लगातार 168 घंटे तक बिना रूके खेलने की योजना थी | पिछले सप्ताह हम इस काम में सफल रहे और बढ़े हुए तापमान व मॉनसूनी तूफानों के बीच वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया | उन्होंने आगे कहा - इस दौरान खिलाड़ी हर रोज 21 घंटे तक मैदान पर रहे और केवल 2 घंटे ही सोए | इस तरह से सबने 168 घंटे 22 मिनट और 20 सैकेंड तक क्रिकेट खेला | हम सब बुरी तरह थक गए हैं लेकिन जब पीछे मुड़कर देखते हैं तो एक अद्भुत सप्ताह नजर आता है जिसमें हम सब शामिल थे | जॉर्ज हटसन ने कहा कि इस मैच के सबूत गिनीज बुक को भेज दिए गए हैं ताकि वे सत्यापन कर लें | इसके बाद ही रिकॉर्ड्स में इसे शामिल किया जाएगा | उन्होंने बताया कि उन्होंने यह सब चैरिटी के लिए पैसे जुटाने और क्लब के लिए किया |



