ATP World Tour Finals: रॉजर फेडरर ऑस्ट्रिया के रहने वाले थिएम से हारे
छह बार के चैम्पियन स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को साल के आखिरी टेनिस टूर्नामेंट एटीपी फाइनल्स के पहले मैच में हार गए। उन्हें ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम ने हराया। वहीं, दूसरी ओर वर्ल्ड नंबर-2 सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने इटली के माटियो बेरेटिनी के खिलाफ जीत दर्ज की। फेडरर को अपने ग्रुप में थिएम ने 7-5, 7-5 से हराया। जोकोविच ने माटियो को 6-2, 6-1 से शिकस्त दी। माटियो का यह पहला एटीपी फाइनल्स है।

38 साल के फेडरर अपने से 12 साल छोटे आस्ट्रियाई खिलाड़ी से 5-5 की बराबरी के बाद सेट 5-7 से हार गए। इसके बाद दूसरे सेट में बराबरी के बाद आस्ट्रियाई खिलाड़ी ने 11वां गेम जीतकर सेट 7-5 से अपने नाम कर लिया। प्रत्येक ग्रुप से दो खिलाड़ी आगे बढ़ेंगे। फेडरर को अब जोकोविच से भिड़ना है। खिताब के अन्य प्रबल दावेदार राफेल नडाल को आंद्रे अगासी ग्रुप में रखा गया है। उनका पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन अलेक्सांद्र जेवरेव से होगा।
फेडरर ने मैच के बाद कहा, ‘मेरी शुरुआत खराब रही और इसकी वजह से मैं वापसी नहीं कर पाया।’ फेडरर की थिएम के खिलाफ सात मुकाबलों में यह पांचवीं हार है। इससे पहले पांच बार के चैम्पियन जोकोविच ने माटियो को 64 मिनट में ही हरा दिया।























