16 नवंबर को खत्म होगापृथ्वी शॉ का बैन, आगे इस टीम से खेल सकते है घरेलू क्रिकेट
22 फरवरी 2019 को इंदौर में हुए एक मैच के बाद शॉ का यूरिन सैम्पल लिया गया था। इसमें प्रतिबंधित दवा ‘टर्बुटेलाइन’ पाई गई। आमतौर पर खांसी और सर्दी की दवाओं में यह ड्रग पाया जाता है। पृथ्वी ने स्वीकार किया था कि उन्होंने जुखाम के दौरान कफ सीरप लिया था, हालांकि उन्हें इस ड्रग के बारे में जानकारी नहीं थी। बीसीसीआई शॉ के जवाब से संतुष्ट थी। उसने माना था कि इस युवा बल्लेबाज का इरादा गलत नहीं था। पृथ्वी के अलावा विदर्भ के अक्षय दुलारवर और राजस्थान के दिव्य गजराज पर भी डोपिंग बैन लगा था।

इस बीच 9 नवंबर को 20वां जन्मदिन मनाने जा रहे टीम इंडिया के टेस्ट ओपनर पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) के लिए अच्छी खबर है। डोपिंग की वजह से 8 महीने का बैन झेल रहे शॉ का चयन मुंबई टीम में हो सकता है। यह बैन 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इसी दौरान सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेली जाएगी। इसके लिए मुंबई टीम की घोषणा फिलहाल नहीं हुई है। मुंबई की एडहॉक चयन समिति के अध्यक्ष मिलिंग रेगे के मुताबिक, पृथ्वी के चयन पर विचार जरूर किया जाएगा। शॉ को 15 मार्च को 8 महीने के लिए बैन किया गया था। उनके यूरिन सैम्पल में प्रतिबंधित पदार्थ ‘टर्बुटेलाइन’ पाया गया था।























