धर्मशाला में मैच शुरू होने से कुछ देर पहले भारी बारिश होनी शुरू हो गई
भारत और साउथ अफ्रीका (India vs South Africa) के बीच रविवार को तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में खेला जाना है | अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए दोनों ही टीमों के लिए यह मुकाबला काफी अहम है, लेकिन सीरीज के पहले मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है | पिछले कुछ दिनों से धर्मशाला में लगातार बारिश हो रही है और रविवार की दोपहर से ही भारी बारिश शुरू हो गई है | मौसम की भविष्यवाणी के अनुसार शाम को भी आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना है | मुकाबला शाम सात बजे शुरू होगा | लेकिन बारिश के दखल देने के बावजूद भी मैच करवाया जा सकता है | सात बजे के बाद भी बारिश की स्थिति में पांच- पांच ओवर का खेल करवाया जा सकता है, जो आधिकारिक होगा | अगर बारिश पांच बजे तक रुक जाती है तो मुकाबला पूरे 20- 20 ओवर का होगा |
स्टेडियम में पानी निकासी की ऐसी व्यवस्था है, जो समय रहते स्टेडियम से पानी को बाहर निकाल देगा | इसके बावजूद मैच के लिए मैदान तैयार होने के बाद भी अगर बारिश की स्थिति बनती है और खेल का कुछ समय बचा रहता है तो खेल पांच- पांच ओवर का किया जा सकता है | धर्मशाला के मौसम में ठंडक के साथ नमी भी है | खेल में ओस भी अपनी अहम भूमिका निभा सकती है | बात तापमान की करें तो तापमान कम से कम 17 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है | विराट कोहली (Virat Kohli) की अगुआई वाली भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने के बाद यहां उतर रही है और उन्हें पूरा मुकाबला खेलने की उम्मीद है | वहीं बदलाव के दौर से गुजर रही क्विंटन डि कॉक की युवा टीम भी चाहेगी कि दौरे का पहला मैच तो कम से कम बारिश की भेंट ना चढ़े |




