विराट कोहली अब नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज नहीं रहे, छिना ताज
टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज में टेस्ट सीरीज पर 2-0 से तो कब्जा कर लिया लेकिन इस जीत के बाद विराट कोहली (Virat Kohli) का ताज छिन गया | आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग्स में विराट कोहली अब नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज नहीं रहे | ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (Steve Smith) अब नंबर 1 बल्लेबाज हैं, वहीं कप्तान विराट कोहली दूसरे नंबर पर फिसल गए हैं | विराट कोहली के टेस्ट रैंकिंग में दूसरे नंबर पर लुढ़कने की वजह जमैका टेस्ट में उनका शून्य पर आउट होना है |
जमैका टेस्ट की पहली पारी में विराट कोहली ने अर्धशतक जमाया था, उन्होंने 76 रन बनाए थे लेकिन दूसरी पारी में वो पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए, जिसकी वजह से उनकी रैंकिंग भी गिर गई | आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में विराट कोहली के 903 अंक हैं, जमैका टेस्ट की दूसरी पारी में शून्य पर आउट होने के बाद उन्हें 7 अंकों का नुकसान हुआ, वहीं स्टीव स्मिथ के 904 अंक हैं और वो पहले नंबर पर पहुंच गए |



