मेजबान इंग्लैंड ने आईसीसी विश्व कप 2019 में की विजयी शुरुआत
इस विश्व कप के फॉरमेट में बदलाव हुआ है। इस बार राउंड रॉबिन फॉर्मेट में सभी 10 टीमें खिताबी जंग के लिए जद्दोजहद करेंगी। हर टीम को विश्व कप में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों से खेलना होगा यानी हर टीम को नौ मैच खेलने हैं। राउंड रोबिन फॉरमेट विश्व कप में दूसरी बार इस्तेमाल किया जा रहा। सबसे पहले 1992 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में हुए विश्व कप में इसे इस्तेमाल किया गया था। मेजबान इंग्लैंड ने आईसीसी विश्व कप 2019 में अभियान की विजयी शुरआत की। इंग्लैंड ने गुरुवार को दक्षिण अफ्रीकी टीम को 104 रन से करारी मात दी। लंदन के ओवल मैदान पर खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 311 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 39.5 ओवर में 207 रन पर ढेर कर दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए क्विंटन डि कॉक (68) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उनके अलावा रासी वैन डेर डुसैन (50) ने अहम योगदान दिया। इन दोनों को छोड़कर अफ्रीकी टीम को कोई भी बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना नहीं कर पाया।
अफ्रीकी टीम की खस्ता हालत का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उसके सात बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सके। आंदिले फेहुलक्वायो (24), हाशिम अमला (13), एडिन मार्कराम (11), कगिसो रबाडा (11), जेपी डूमिनी (8), ड्वयान प्रीटोरियस (1), इमरान ताहिर (0) और फाफ डु प्लेसिस ने 5 रन बनाए। वहीं, लुंगी नगिडी 6 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने सबसे अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने सात ओवर में महज 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इसके अलावा लियम प्लंकेट और बेन स्टोक्स ने दो-दो जबकि आदिश राशि और मोइन अली ने एक-एक विकेट हासिल किया।इससे पहले इंग्लैंड ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 311 रन का स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक रन बेन स्टोक्स (89) ने बनाए। उन्होंने 79 गेंदों की अपनी पारी में 9 चौके लगाए। स्टोक्स के अलावा इयोन मॉर्गन (57), जेसन रॉय (54), जो रूट (51), जोस बटलर (18), क्रिस वॉक्स (13), जॉनी बेयरस्टो (0) और मोइन अली ने 3 रन का योगदान दिया। वहीं, लियम प्लंकेट 9 और जोफ्रा आर्चर 7 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी नगिडी ने तीन, इमरान ताहिर और कगिसो रबाडा ने दो-दो जबकि आंदिले फेहुलक्वायो ने एक विकेट झटका।


