दक्षिण अ्रफ्रीका के ये तेज़ गेंदबाज क्रिकेट के महाकुंभ से बाहर
आईसीसी विश्व कप-2019 के शुरुआती दो मैचों में करारी हार झेलने वाली दक्षिण अ्रफ्रीका को बड़ा झटका लगा है | उसके तेज गेंदबाज डेल स्टेन चोट के कारण क्रिकेट के महाकुंभ से बाहर हो गए हैं | स्टेन को आईपीएल के 12वें संस्करण में कंधे में चोट लग गई थी | वह विश्कप के शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाए थे | आईसीसी ने पुष्टि की है कि आईसीसी विश्वकप 2019 की प्रतियोगिता तकनीकी समिति ने बाकी टूर्नामेंट के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम में डेल स्टेन के स्थान पर ब्यूरोन हेंडरिक्स को शामिल करने की मंजूरी दे दी है | टीम प्रबंधन को उम्मीद थी कि स्टेन बुधवार को भारत के खिलाफ होने वाले मैच से पहले फिट हो जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो सका और वह टूर्नामेंट से ही बाहर हो गए | स्टेन के अलावा दक्षिण अफ्रीका को लुंगी नगिदी की कमी भी खलेगी |
वह भी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण 10 दिन तक बाहर रहेंगे | नगिदी को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में यह शिकायत हुई थी | टीम मैनेजर मोहम्मद मोसाजी ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि नगिदी भारत के खिलाफ मैच में नहीं खेलेंगे | उन्होंने कहा - हमें उनको देखा और हमें लगा कि उनकी मांसपेशियों में खिंचाव है | इसलिए हमने फैसला किया है कि हम उन्हें ठीक हो जाने तक मैच नहीं खेलने देंगे | उन्होंने कहा - इसलिए इस समय वह सप्ताह से लेकर 10 दिन तक बाहर हैं, लेकिन हम कल स्कैन करेंगे | हमारी कोशिश है कि वह वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच तक फिट हो जाएं | स्टेन ने नेट पर अभ्यास भी किया था लेकिन वह कभी अपनी लय में नहीं दिखे | उन्होंने सोमवार को हाशिम अमला को गेंदबाजी भी की थी |




