मानवेंद्र सिंह ने BJP से नाता तोड़ ज्वाइन की कांग्रेस
बीजेपी के संस्थापक सदस्य रहे पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के पूरे परिवार ने बुधवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया | राजस्थान के मारवाड़ इलाके में खासा प्रभाव रखने वाले जसवंत के परिवार का बीजेपी से अलग होना पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है | कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने आवास पर कांग्रेस का खेस पहना कर मानवेंद्र सिंह को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई | पार्टी के प्रभारी सचिव प्रभारी सचिव विवेक बंसल ने यह जानकारी दी | इस दौरान मानवेंद्र सिंह ने राजस्थानी पोशाक में पंचरंगी साफा पहना था | अशोक गहलोत, सचिन पायलट, अविनाश पांडे, भंवर जितेंद्र सिंह और हरीश चौधरी जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे |
अशोक गहलोत ने कहा- मानवेंद्र सिंह और आशीष देशमुख बीजेपी छोड़कर शामिल हुए हैं | देश में तानाशाही चल रही है | सिर्फ दो लोगों...अमित शाह और नरेंद्र मोदी का शासन चल रहा है | बीजेपी में लोग परेशान हैं | बीजेपी के बहुत सारे नेता कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं | गहलोत ने आरोप लगाया कि जसवंत सिंह का भाजपा ने अपमान किया है |
कांग्रेस इस बार कोशिश कर रही है कि नाराज राजपूतों को तोड़ा जाए और कांग्रेस में लाया जाए | हालांकि, बीजेपी कोशिश कर रही है कि राजपूतों का डर दिखाकर कांग्रेस के परंपरागत वोटर जाटों को अपने पक्ष में लाया जाए, लेकिन कांग्रेस अपने जाट नेताओं को भरोसे में लेकर नाराज राजपूतों को रिझाने की कोशिश कर रही है |





