आज होंगी मुंबई और पंजाब की टीम आमने-सामने
वानखेड़े में मुंबई और पंजाब की टीम आमने-सामने होगी। दोनों टीमें जीत के साथ अपनी-अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेंगी। दोनों ही टीमों ने अपने पिछले मुकाबले में हैदराबाद को हराया। अंक तालिका की बात करें तो में इस वक्त अश्विन की पंजाब जहां तीसरे स्थान पर है वहीं रोहित की मुंबई पांचवें स्थान पर काबिज है।वानखेड़े की उछाल भरी पीच पर जहां तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी वहीं बल्लेबाजी में भी काफी रन देखने को मिलेंगे। अभी तक के इस सीजन में क्रिस गेल ने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया है।
पिछली बार जब पंजाब का मुंबई से सामना हुआ था तब गेल ने 24 गेंदों में 40 रन बनाए थे। वहीं केएल राहुल ने भी मुंबई के खिलाफ 57 गेंदों में 71 रनों की पारी खेली थी। इसे देखते हुए यह तय है कि वानखेड़े में भी गेल और राहुल ही ओपनिंग करते दिखेंगे।मयंक अग्रवाल, सरफराज खान, मंदीप सिंह और डेविड मिलर, इन चारों ने अब तक जरुरत के हिसाब से टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है और इनसे एक बार फिर से उम्मीद होगी कि वो टीम के मध्यक्रम को मजबूती दें। यहां पर सैम करन ने अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है, उन्होंने गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में तेजी से रन बटोरे हैं तो एक बार फिर से अश्विन उन्हें मौका देंगे। अश्विन ने गेंदबाजी में खुद ही मोर्चा संभाला हुआ है जिसमें उनका साथ दे रहे हैं मोहम्मद शमी, अंकित राजपूत और अफगानी स्पिनर मुजीब उर रहमान। यहां भी कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है।वेस्ट इंडीज के 22 वर्षीय अलजारी जोसेफ ने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल डेब्यू किया और उन्होंने अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया। उन्होंने 6 विकेट झटके और केवल 12 रन दिए। मुंबई टीम इस मीडियम पेसर को मौका देगी तो उनके फैंस एक बार फिर उनके विजयी प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे।


