मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच कप्तानी कौशल का भी मुकाबला
वानखेड़े पर मुंबई और चेन्नई के बीच अब तक 8 मैच हुए हैं। इनमें से रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस 5 में जीत हासिल करने में सफल रही है। महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपरकिंग्स 3 मैच ही जीत पाई है। ओवरऑल बात करें तो आईपीएल में मुंबई और चेन्नई के बीच अब तक 26 मैच हुए हैं। इनमें से मुंबई 14 और चेन्नई 12 में जीत हासिल करने में सफल रही है। वैसे यह मुकाबला आईपीएल की दो सबसे सफल टीमों के कप्तानों के बीच होगा। मुंबई ने पिछले 6 साल में 3 बार खिताब जीता है। चेन्नई भी 3 बार की चैम्पियन है। दोनों टीमों के पास अच्छे मैच विजेता खिलाड़ी हैं जो अपने दम पर मैच जिता सकते हैं। हालांकि, काफी कुछ धोनी और रोहित पर निर्भर करेगा। आईपीएल में दोनों के बीच हुए पिछले 5 मुकाबलों की बात करें तो मुंबई की टीम 4 को जीतने में सफल रही है।
चेन्नई ने इस मैदान पर आखिरी जीत पिछले साल 7 अप्रैल को हासिल की थी। उस मैच में उसने मुंबई को एक विकेट से हराया था। इसके बाद 28 अप्रैल 2018 को हुए मैच में मुंबई ने चेन्नई के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल की थी। चेन्नई ने 2015 में वानखेड़े पर 3 मैच खेले थे और उसे तीनों में ही हार का सामना करना पड़ा था। मुंबई की बात की जाए तो उसकी टीम में वह तालमेल नहीं दिखा है जो उसके पास मौजूद है। मैदान पर उसके खिलाड़ी लय में नहीं दिखे हैं। बल्लेबाजी में दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डीकॉक ही कुछ कमाल दिखा पाए हैं। रोहित शर्मा, कीरोन पोलार्ड का बल्ला खामोश रहा है। युवराज सिंह ने अपनी पुरानी फॉर्म की झलक जरूर दिखाई है, लेकिन वे अंत तक विकेट पर टिकने में असफल रहे हैं।


