ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान किया
ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान सोमवार (15 अप्रैल) को कर दिया है। टीम में धुरंधर खिलाड़ियों स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर की वापसी हो गई है। टीम की कप्तानी एरोन फिंच को दी गई है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने 30 मई से इंग्लैंड में शुरू हो रहे आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। जहां एक तरफ वॉर्नर और स्मिथ की वापसी हुई है। वहीं कुछ दिग्गजों के नाम इस टीम में शामिल नहीं हैं। जोश हेजलवुड और पीटर हैंड्सकॉम्ब को वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिल पाई है। टीम के शीर्ष गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी अब टीम में वापस आ गए हैं, जो अपनी चोट की वजह से बाहर थे। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता ट्रेवर होंस ने कहा -पिछले छह महीने में वनडे टीम के प्रदर्शन से हम खुश है। हमने भारत और पाकिस्तान से सीरीज जीती। स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर ने टीम में वापसी की है।
दोनों विश्व स्तरीय खिलाड़ी है और आईपीएल में अच्छा खेल रहे हैं। मुख्य चयनकर्ता ट्रेवर होंस ने कहा -बेहतरीन खिलाड़ियों की मौजूदगी और प्रत्येक स्थान के लिए हुई प्रतिस्पर्धा के कारण 15 सदस्यीय टीम चुनना थोड़ा मुश्किल रहा। होंस ने कहा -दुभार्ग्यवश, हाल ही में भारत और यूएई का दौरा करने वाले टीम में शामिल पीटर हैंड्सकॉम्ब, एश्टन टर्नर और केन रिचर्डसन को विश्व कप में जगह नहीं मिली है, उनके स्थान पर स्मिथ, वार्नर और स्टार्क को टीम में शामिल किया गया है। बाहर किए गए तीनों खिलाड़ी इंग्लैंड दौरे के लिए आस्ट्रेलिया-एकी टीम का हिस्सा होंगे। कंगारू टीम इस बार इंग्लैंड की जमीन पर अपने खिताब को बचाने उतरेगी। उसने 2015 में न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर अपने घर में खिताब जीता था। वर्ल्ड कप 2015 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 5वीं बार खिताब पर कब्जा कर जमाया था। क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा सफल टीम ऑस्ट्रेलिया रही है। 5 बार वर्ल्ड कप जीतने वाली ये टीम वर्ल्ड कप में हमेशा ही फेवरेट मानी जाती है। 1999, 2003 और 2007 में लगातार चैंपियन रही ऑस्ट्रेलिया साल 2011 में क्वार्टर फाइनल में ही वर्ल्ड कप की दौड़ से बाहर हो गई थी। इसके बाद लेकिन 2015 में फिर ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया। इससे पहले साल 1987 में भी ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप जीत चुका है।
ये है विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम:
एरोन फिंच (कप्तान), जेसन बेहरनडॉफ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), नाथन कूल्टर-नाइल, पैट कमिंस, उस्मान ख्वाजा, नाथन लॉयन, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, झाय रिचर्ड्सन, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, डेविड वॉर्नर और एडम जम्पा।

