कोलकाता नाइट राइडर्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मुकाबला आज
ऐतिहासिक ईडन गार्डंस स्टेडियम में जब घरेलू टीम कोलकाता और पंजाब की टीमें आमने-सामने होंगी तो उत्साह और रोमांच अपने चरम पर होगा। कोलकाता ने पहले मैच में हैदराबाद को तो पंजाब ने राजस्थान को उसके ही घर में पटखनी दी। किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन अपने पहले मैच में 'मांकड़िंग विवाद' को पीछे छोड़कर यहां ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले जाने वाले इस मुकाबले में जीत की लय कायम रखना चाहेंगे। मैच के 13वें ओवर में एक नाटकीय घटना देखने को मिली जब अश्विन ने बिना गेंद फेंके ही नॉन स्ट्राइकिंग छोर पर खड़े जोस बटलर को रन आउट करके मांकड़िंग विवाद को हवा दे दी। अश्विन अब इस विवाद को पीछे छोड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ भी विजयक्रम जारी रखना चाहेंगे।
दोनों टीमें अपना पहला मैच जीत चुकी हैं, ऐसे में मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। अब एक बार दोनों ही टीमें दूसरा मैच अपने नाम करने को जी-जान लगा देगी। आज एक तरफ आंद्रे रसेल होंगे तो दूसरी तरफ क्रिस गेल। यानी कैरेबियन तूफान यहां आने वाला है। गेल और रसेल ने अपने पहले मैच में इरादे भी बिल्कुल साफ कर दिए हैं। कोलकाता के पास आंद्र रसेल और सुनील नरेन के रूप में धाकड़ ऑलराउंडर्स हैं। घातक रसेल ने सीजन के पहले ही मैच में बता दिया कि क्यों उन्हें इतना घातक खिलाड़ी माना जाता है। पिछले सीजन के 16 मैचों में 316 रन के साथ 13 विकेट भी झटकने वाले रसेल ने हैदराबाद के खिलाफ अकेले ही कोलकाता को जीत दिला दी थी। महज 19 गेंदों में नाबाद 49 रन ठोके थे। इस पारी में 4 चौके और इतने ही छक्के भी शामिल थे। साथ-साथ रसेल ने वॉर्नर और पठान के रूप में दो अहम विकेट भी झटके थे।
दोनों टीमों का संभावित प्लेइंग इलेवनः
कोलकाता नाइट राइडर्सः क्रिस लिन, नीतीश राणा, रॉबिन उथप्पा, दिनेश कार्तिक (कप्तान), आंद्रे रसेल, शुभमन गिल, सुनील नरेन, पीयूष चावला, कुलदीप यादव, लॉकी फुर्गसन, प्रसिद्ध कृष्णा।
किंग्स इलेवन पंजाब: क्रिस गेल, लोकेश राहुल, मयंक अग्रवाल, सरफराज खान, निकोलस पूरन, मनदीप सिंह, सैम कुरेन, आर अश्विन (कप्तान), मोहम्मद शमी, मुजीब उर रहमान, अंकित राजपूत।


