इमरान खान को आम यात्री की तरह अमेरिका से इस्लामाबाद जाना पड़ा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को सऊदी अरब द्वारा दिए गए विमान में तकनीकी खामी आने के बाद कमर्शियल फ्लाइट से आम यात्री की तरह अमेरिका से इस्लामाबाद जाना पड़ा | Geo टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान के प्लेन में तकनीकी खराबी उस वक्त आई, जब उनका हवाई जहाज टोरंटो के पास था | दरअसल, खान शुक्रवार शाम (स्थानीय समयानुसार) न्यूयॉर्क केनेडी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा से सऊदी अरब सरकार द्वारा दिए गए विशेष विमान से रवाना हुए, लेकिन विमान में कोई तकनीकी खामी होने पर वे दो घंटों बाद ही लौट आए | उन्हें रवाना कर चुकीं संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की स्थाई प्रतिनिधि मलीहा लोधी हवाईअड्डे पर दोबारा लौट आईं |
तकनीशियन विमान की खामी को दूर करने का प्रयास करते रहे और इस दौरान प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट पर कुछ देर इंतजार किया, लेकिन बाद में पता चला कि यह खामी शनिवार सुबह तक दूर हो सकेगी | इस बीच, एम्बेसेडर लोधी खान को वापस रूसवेल्ट होटल ले गईं, जहां प्रधानमंत्री अपनी सात दिवसीय यात्रा के दौरान ठहरे हुए थे | तकनीकी खराबी के चलते पीएम इमरान खान को (स्थानीय समयानुसार) पूरी रात न्यूयॉर्क में गुजारनी पड़ी |


