पीएम नरेंद्र मोदी ने अपना प्रस्तावित तुर्की दौरा रद्द किया
जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से बौखलाए पाकिस्तान का समर्थन करने को लेकर भारत और तुर्की के बीच संबंधों को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है | सूत्रों के हवाले से खबर है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अपना प्रस्तावित तुर्की दौरा रद्द कर दिया है | बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिसंबर माह में तुर्की के दौरे पर जाना था लेकिन यूएन में तुर्की द्वारा कश्मीर मसले को जिस तरह से उठाया गया उसे लेकर भारत ने विरोध जताया था |
इसके बाद जब तुर्की ने सीरिया पर हमला किया तो भारत ने तुर्की के इस कदम का विरोध किया | बीते 2 महीनों से भारत और तुर्की के बीच संबंधों में खटास देखने को मिली है | हालांकि पीएम मोदी के तुर्की दौरे को रद्द किए जाने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है लेकिन सूत्रों ने जानकारी दी है कि भारत ने पीएम मोदी का तुर्की दौरा रद्द कर दिया है |


