एवरिस्टो इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को जीतने वाली पहली अश्वेत महिला
मार्गरेट एटवुड और बर्नार्डिन एवरिस्टो को 2019 बुकर पुरस्कार के संयुक्त विजेता के रूप में घोषित किया गया है | यह फैसला ऐतिहासिक है, क्योंकि साल 1993 के बाद किसी भी लेखक ने संयुक्त रूप से यह पुरस्कार नहीं जीता | किसी दो लेखक को एक साथ बुकर पुरस्कार दिया जाना नियमों के विरुद्ध है | लंदन के गिल्डहॉल में एक समारोह में जब विजेता के रूप में दोनों लेखिकाओं के नामों की जब घोषणा की गई तो सुनकर सभी हैरान थे | एटवुड ने अपनी किताब द हैंडमेड्स टेल की अगली कड़ी 'द टेस्टामेंट्स' के लिए यह पुरस्कार जीता, जबकि एवरिस्टो को उनके उपन्यास गर्ल, वुमन, अदर के लिए यह पुरस्कार दिया गया | चार साल में सबसे तेजी से बिकने वाला 'द टेस्टामेंट्स', हार्डबैक उपन्यास बन गया है | यह किताब 'द हैंडमेड्स' के 15 साल बाद आई है | वहीं एवरिस्टो का उपन्यास गर्ल, वुमन, अदर एक काल्पनिक कहानी है | एवरिस्टो की यह आठवीं किताब है | इसमें 12 पात्रों की कहानियां बताई गई हैं, जिनमें ज्यादातर अश्वेत ब्रिटिश महिलाएं हैं | मार्गरेट एटवुड और बर्नार्डिन एवरिस्टो को एक साथ बुकर पुरस्कार देना ऐतिहासिक जरूर है, पर यह पहली बार नहीं है | यह तीसरा मौका है, जब बुकर पुरस्कार दो संयुक्त विजेताओं को दिया गया है |
पहली बार साल 1974 में संयुक्त पुरस्कार दिया गया, जब नादिन गोर्डिमर और स्टेनली मिडलटन के बीच टाय हो गया था | इसके बाद साल 1992 में भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब माइकल ओन्दात्जे और बैरी अनसवर्थ दोनों को विजेता घोषित किया गया | बुकर पुरस्कार फाउंडेशन की लिटररी डायरेक्टर गैबी वुड के अनुसार इसका फैसला आसान नहीं था | इस पर पांच घंटे से भी अधिक समय के लिए चर्चा हुई | साल 2019 बुकर पुरस्कार के लिये शॉर्टलिस्ट की गई सभी बहुचर्चित पुस्तकों पर काफी देर तक विचार विमर्श किया गया, लेकिन लंबे विचार के बाद भी किसी एक विजेता को चुन पाना असंभव पाया गया | इसके बाद जजों ने फैसला लिया कि दो लेखकों को यह पुरस्कार दिया जाएगा | एटवुड और एवरिस्टो £50,000 की पुरस्कार राशि को आपस में विभाजित करेंगे | एवरिस्टो यह पुरस्कार पाने वाली पहली अश्वेत महिला हैं |


