आज चेन्नै सुपर किंग्स की टीम अपने घर में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी
प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाई करने की दहलीज पर खड़ी चेन्नै सुपर किंग्स टीम अपने घर में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी। शुरुआती 8 मैचों में से केवल एक मैच हारने वाली किंग्स टीम को पिछले दो मैचों में क्रमश: हैदराबाद और बैंगलोर से हार झेलनी पड़ी। हैदराबाद ने अपने घर में चेन्नै को 6 विकेट से हराया जबकि सांसे रोक देने वाले रोमांचक मैच में बैंगलोर टीम ने सुपर किंग्स को केवल 1 रन से बेंगलुरु में मात दी। दूसरी ओर हैदराबाद ने अपने पिछले दोनों मैच क्रमश: चेन्नै और कोलकाता के खिलाफ जीते हैं।उसकी जीत की बड़ी वजह डेविड वॉर्नर (517 रन) और जॉनी बेयरस्टो (445 रन) की ओपनिंग जोड़ी का जोरदार प्रदर्शन है जो मिलकर इस आईपीएल में 962 रन बना चुके हैं। इन दो को छोड़ दें तो हैदराबाद की ओर से केवल विजय शंकर (138 रन) ने मौजूदा आईपीएल सीजन में 100 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। चेन्नै की भी यही समस्या है। उसकी ओर से महेंद्र सिंह धोनी (314 रन) इस आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं लेकिन बाकी खिलाड़ी कोई खास छाप नहीं छोड़ सके हैं। हालांकि, टीम को अब उनकी कमी खलेगी। जॉनी बेयरस्टो मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स के साथ होने वाले मैच के बाद इंग्लैंड की विश्व कप टीम में शामिल होने के लिए स्वदेश लौट जाएंगे और उसके बाद टीम को उनकी सेवाएं नहीं मिलेगी। वहीं, दूसरी तरफ डेविड वॉर्नर भी आईपीएल के आखिरी चरण में आकर हैदराबाद का साथ छोड़ देंगे और ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
वॉर्नर लीग के इस सीजन में नौ मैचों में 517 रनों के साथ शीर्ष पर चल रहे हैं। बेयरस्टो भी उनसे ज्यादा पीछे नहीं है और वह भी इतने ही मैचों में 445 रनों के साथ दूसरे नंबर पर काबिज हैं। बैंगलोर के खिलाफ धोनी ने नॉटआउट 84 रन बनाकर चेन्नै को करीब-करीब जीता ही दिया था। हालांकि चेन्नै के कप्तान बखूबी जानते हैं कि उनकी बैटिंग लाइनअप की कमजोर कड़ी टॉप ऑर्डर है। शेन वॉटसन, फाफ डु प्लेसिस और अंबाती रायुडू ने क्रमश: 147, 178 और 192 रन बनाए हैं। रायुडु का स्ट्राइक रेट तो 100 से भी कम का है। इस वजह से धोनी और बाकी खिलाड़ियों पर चेज करते वक्त तेजी से रन बनाने का प्रेशर कुछ ज्यादा ही बढ़ जा रहा है। कोच स्टीफन फ्लेमिंग टॉप ऑर्डर के खराब प्रदर्शन का कारण चेन्नै की धीमी साबित हुई पिच को बताया है। हैदराबाद की बोलिंग लाइनअप में राशिद खान, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद, विजय शंकर, शाहबाज नदीम जैसे बड़े नाम हैं लेकिन कोई भी बोलर 10 विकेट के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका है। चेन्नै के दो बोलर इमरान ताहिर (16 विकेट) और दीपक चाहर (13 विकेट) ऐसा कर चुके हैं।


