पंजाब को हराकर बैंगलोर ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की
इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें सीजन के मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने किंग्स इलेवन पंजाब को 17 रन से हरा दिया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में किंग्स इलेवन पंजाब ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलुरु ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 202 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 185 रन ही बना पाई। पंजाब के खिलाफ पिछले 5 मैच में बेंगलुरु की यह चौथी जीत है। इस सीजन में बेंगलुरु की यह लगातार तीसरी जीत है। उसको इस जीत से 2 अंक मिले। उसके अब 11 मैच में 8 अंक हो गए हैं। वह अंक तालिका में 7वें नंबर पर पहुंच गई। वह सीजन में पहली बार आखिरी पायदान से ऊपर आई है। इससे पहले वह अब तक 8वें नंबर पर ही थी। किंग्स इलेवन पंजाब के 11 मैच में 10 अंक हैं। वह अंक तालिका में 5वें नंबर पर है। राजस्थान रॉयल्स 8वें नंबर पर खिसक गई है।पंजाब की ओर से निकोलस पूरन ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। उनके अलावा लोकेश राहुल ने 42, क्रिस गेल ने 23, मयंक अग्रवाल ने 35, डेविड मिलर ने 24 रन का अहम योगदान दिया। लेकिन 203 रन के लक्ष्य के आगे यह नाकाफी रहा। बेंगलुरु की ओर से उमेश यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 और नवदीप सैनी ने 2 विकेट लिए। मार्क्स स्टोइनिस और मोइन अली भी 1-1 विकेट लेने में सफल रहे। इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 202 रन बनाए। बेंगलुरु के लिए एबी डिविलियर्स ने सबसे ज्यादा नाबाद 82 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 3 चौके और 7 छक्के लगाए।डिविलियर्स ने 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 35 गेंद पर 50 रन पूरे किए। यह उनका सीजन का 5वां और ओवरऑल 33वां अर्धशतक है। वे आईपीएल में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में 7वें नंबर पर हैं। मार्क्स स्टोइनिस भी 2 चौके और 3 छक्के की मदद से 34 गेंद पर 46 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।


