श्रीलंका ने पाकिस्तान में दो टेस्ट मैच खेलने से किया इनकार
श्रीलंकाई क्रिकेट टीम (Sri Lanka Cricket team) इस साल के आखिर में तीन सीमित ओवरों के मुकाबले खेलने के लिए पाकिस्तान (Pakistan) का दौरा करेगी | लेकिन उसने दो टेस्ट मैच खेलने से इनकार कर दिया है | श्रीलंका के खेल मंत्री हारिन फर्नांडो (Harin Fernando) ने गुरुवार को यह जानकारी दी है | उन्होंने बताया - हम दो टेस्ट मैच खेलने के लिए टीम को पाकिस्तान भेजने की पोजीशन में नहीं हैं | लेकिन वनडे या टी20 मैच खेलने के लिए 8 दिन तक हमारी टीम पाकिस्तान में रहेगी | अभी तक इस दौरे की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है लेकिन मंत्री ने बताया कि यह मुकाबले इस साल के आखिर में खेले जाएंगे | सुरक्षा कारणों का जिक्र करते हुए फर्नांडो ने बताया कि दो टेस्ट मैच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेले जा सकते हैं जहां पर पाकिस्तान ने 2009 के बाद से अपनी कई घरेलू सीरीज खेली हैं |
पिछले दिनों श्रीलंका क्रिकेट के एक सुरक्षा प्रतिनिधिमंडल ने लाहौर और कराची का दौरा किया | इस दल ने बोर्ड, पुलिस एवं सुरक्षा अधिकारियों से मुलाकात की | इनकी रिपोर्ट के आधार पर श्रीलंका के पाकिस्तान दौरे के बारे में फैसला किया गया | लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय टीमें सुरक्षा कारणों की वजह से पाकिस्तान का दौरा नहीं कर रही हैं | अक्टूबर 2017 में श्रीलंका ने लाहौर में एक टी20 मैच खेला था | श्रीलंकन टीम पर मार्च 2009 में लाहौर में ही आतंकी हमला हुआ था | उस हमले में 8 लोग मारे गए थे और श्रीलंका के 7 खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के लोग घायल हो गए थे | लाहौर में गद्दाफी स्टेडियम के बाहर हाथ में बंदूक लिए करीब 12 लोगों ने टीम बस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी थीं | अचानक हुए इस हमले में छह पाकिस्तानी पुलिसकर्मी सहित आठ लोगों की जान गई |



