दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी ने भारतीय टीम को लेकर दिया ये बयान
दक्षिण अफ्रीका के टेस्ट विशेषज्ञ टेम्बा बावुमा (Temba Bavuma) को लगता है कि मोहाली टी20 (Mohali T20) में उनकी टीम भारत के खिलाफ अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सकी | हालांकि उन्होंने कहा कि दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में मेजबान भारत ने उन्हें बुरी तरह नहीं हराया जिसने श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली है | बावुमा ने छोटे प्रारूप में पदार्पण के दौरान शानदार प्रदर्शन किया | भारत से मिली सात विकेट की हार के बाद उन्होंने कहा - हमने पहले 10-12 ओवर अच्छी तरह खेले | मुझे लगता है कि हम अच्छी शुरूआत के बाद इसे जारी नहीं रख सके और 12सें 15वें ओवर में मैच गंवा बैठे | छत्तीस टेस्ट खेल चुके बावुमा अर्धशतक से केवल एक रन से चूक गये |
उन्होंने कहा - जब डेविड 13वें ओवर में बल्लेबाजी के लिये आया तो हम मजबूत स्थिति में थे | 10 ओवर तक ऐसा लग रहा था कि 180 रन का स्कोर हासिल किया जा सकता है | मैं वह लय हासिल नहीं कर पाया और अन्य भी | लेकिन फिर भी मुझे नहीं लगता कि हमें पस्त किया गया | केपटाउन के 29 साल के खिलाड़ी ने कहा कि भारतीय टीम मजबूत है लेकिन ऐसा नहीं है कि उसे कोई हरा नहीं सकता और दक्षिण अफ्रीका की टीम रविवार को बेंगलुरू में श्रृंखला बराबर करने के इरादे से उतरेगी | बावुमा ने कहा - वे ताकतवर हैं लेकिन ऐसा नहीं है कि उन्हें हराया नहीं जा सकता | हमने सिर्फ बल्लेबाजी में खुद को निराश किया और भारत जैसी बेहतरीन टीम के सामने हमें इसका खामियाजा भुगतना पड़ा | कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) के शानदार अर्धशतक की मदद से भारत ने दूसरे टी20 क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हराया था | जीत के लिए 150 रन का लक्ष्य भारत ने 19 ओवर में तीन विकेट खोकर ही हासिल कर लिया |




