श्रीलंका से हार के बाद जा सकती है सरफराज अहमद की कप्तानी
पाकिस्तान के मुख्य कोच मिस्बाह उल हक (Misbah ul Haq) टीम के कप्तान के रूप में सरफराज के प्रदर्शन से खुश नहीं हैं | उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के सीईओ वसीम खान के सामाने इस मामले में अपनी बात रख दी है | इसके बाद से ही खबरें हैं कि सरफराज अहमद से कप्तानी छीनी जा सकती है | पाकिस्तानी टीम को अगली सीरीज ऑस्ट्रेलिया से खेलनी है | इस सीरीज के लिए अजहर अली (Azhar Ali) टेस्ट टीम के कप्तान के रूप में सरफराज अहमद की जगह ले सकते हैं | विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान उप कप्तान बन सकते हैं |
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन नवंबर से टी20 सीरीज खेली जानी है | इत्तफाक से भारत की टीम भी इसी दिन से बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी | सूत्रों के अनुसार, मिस्बाह ने पीसीबी के सामने यह कहा है कि सरफराज टीम के कप्तान नहीं बने रह सकते | हालांकि, बोर्ड इस मामले में थोड़ी दुविधा में है | उसके एक अधिकारी का कहना है कि वे ऑस्ट्रेलिया जैसे महत्वपूर्ण दौरे पर नए कप्तान को चुनने का जोखिम नहीं उठा सकते | इस बीच, सीमित ओवर के प्रारूप में कप्तान के लिए मोहम्मद हफीज का नाम सामने आ रहा है | रिपोर्ट के अनुसार, प्रबंधन ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर युवा खिलाड़ियों के साथ प्रयोग कर रहा है | अगर टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाती तो वे यह बहाना बना सकते हैं कि टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है |




