फोगाट का टूटा वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना
ओलिपिंक मेडलिस्ट को एक तरफा पटखनी देकर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप (World Wrestling Championship) में अपने अभियान का विजयी आगाज करने वाली विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) को दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा | उन्हें दो बार की विश्च चैंपियन जापान की मायु मुकैदा ने 0-7 से हराया | इस हार के साथ ही उनका वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना टूट गया है, लेकिन इस चैंपियनशिप में मेडल हासिल करने की उम्मीद खत्म नहीं हुई | उन्हें अभी भी रेपेचेज के रूप में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम करने मौका मिल सकता है | इससे पहले विनेश (Vinesh Phogat) ने 53 किग्रा वर्ग में ओलिंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सोफिया मैटसन (Sofia Mattsson) को हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया था |
विनेश ने स्वीडन की सोफिया को 13-0 से एक तरफा अंदाज में हराया था | चैंपियनशिप के पहले मुकाबले में भारत की स्टार पहलवान जिस तरह से खेल रही थीं, उन्हें देखकर लग रहा था कि वह खिताबी मुकाबले तक पहुंच जाएंगी, लेकिन अगले दौर में ही जापानी पहलवान ने भारतीय उम्मीदों को बड़ा झटका दे दिया | पहले दौर में विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) ने ओलिंपिक मेडलिस्ट की कमर के आसपास अटैक करके अंक बटोरे थे, लेकिन जापानी खिलाड़ी के सामने उनका ये पैंतरा काम नहीं आया | जापान की मायु ने यूक्रेन की खिलाड़ी को 6-1 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया था | मायु 55 किग्रा में दो बार वर्ल्ड चैंपियन रह चुकी हैं | लेकिन यह गैर ओलिंपिक भार वर्ग है, जिसके बाद उन्हें 53 किग्रा में उतरना पड़ा | इसी कारण से सोफिया को भी कम भार वर्ग में आना पड़ा और विनेश (Vinesh Phogat) को 50 किग्रा से 53 किग्रा भार वर्ग में उतरना पड़ा |




