सचिन तेंदुलकर ने अपने आप चलने वाली कार का वीडियो पोस्ट किया
भारतीय क्रिकेट टीम के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर अपनी बैटिंग से दुनियाभर के खिलाड़ियों को हैरान कर चुके हैं लेकिन इस बार वो खुद एक कार में बैठकर हैरान हो गए | सचिन तेंदुलकर ने खुद इसका एक वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया है, जिसमें उनकी कार बिना किसी ड्राइवर के चल पड़ती है | यह देखकर खुद सचिन हैरान हो जाते हैं और लिखते हैं कि ऐसा लग रहा था जैसे कार को मिस्टर इंडिया चला रहा हो | 41 सेकेंड के इस वीडियो में सचिन ड्राइविंग सीट के साथ वाली सीट पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं |
वीडियो में देखा जा सकता है कि ड्राइविंग सीट पर कोई भी नहीं है | दरअसल इस वीडियो में सचिन एक ड्राइवर लेस कार में बैठे हैं जो खुद स्टार्ट होकर गैराज में पार्क हो जाती है | सचिन इस वीडियो में बता रहे हैं कि मैं आपको एक स्पेशल कार दिखाने जा रहा हूं | वो कहते हैं कि देखिए कार स्टार्ट हो चुकी है और कार में कोई ड्राइवर मौजूद नहीं है | वो कहते हैं कि ऐसा लग रहा है जैसे मैं मिस्टर इंडिया के साथ बैठा हूं | ये मेरी पहली ड्राइवरलेस कार है | सचिन कह रहे हैं कि आप भी स्टेयरिंग को देख सकते हैं कि कैसे ये घूम रही है ये रोमांच से भरा हुआ है |


