दुनिया में धोनी जैसा फिनिशर कोई नहीं- चैपल
नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी के ‘फिनिशिंग टच’ के बारे में आलोचकों की कुछ भी राय हो और कुछ आलोचकों ने तो कुछ समय से कई सवाल उठाए भी है लेकिन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान इयान चैपल अब भी विश्व कप विजेता और पूर्व कप्तान धोनी को 50 ओवर के खेल में ‘सर्वश्रेष्ठ फिनिशर’ मानते हैं। चैपल ने ईएसपीएनक्रिकइंफो में अपने कॉलम में लिखा, ‘‘किसी के पास भी उनकी तरह मैच को फिनिश करके जीत दिलाने वाली सूझबूझ नहीं है। कई बार मैंने सोचा, ‘इस बार उन्होंने थोड़ी देर से शॉट लगाया’, लेकिन थोड़ी देर में हैरान हुआ कि उन्होंने दो ताकतवर शॉट लगाकर भारत को रोमांचक जीत दिला दी।’ ये काम धोनी कर सकता है और कोई नही।

चैपल ने कहा, ‘धोनी बाहर से जिस तरह से शांत दिखते हैं, वह कोई भ्रम नहीं है क्योंकि ऐसे हालात में वह जिस तरह से खुद को बदलते हैं, वह इस बात का सबूत है कि उनका दिमाग ऐसी परिस्थिति में बहुत ही बेहतरीन ढंग से काम करता है।’ आज से कुछ सालों पहले जब माइकल बेवन खेलते थे तब उनको इस खेल के महान सूत्रधारों में से एक माना जाता था, उनसे तुलना करते हुए चैपल ने कहा कि धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के इस बल्लेबाज को पीछे छोड़ दिया है। चैपल ने कहा, ‘बेवन मैच का अंत चौके से करते थे, लेकिन धोनी छक्के से करते हैं। अगर हम बात करे विकेटों के बीच में दौड़कर रन लेने की तो आप बिना किसी संकोच के बेवन को सबसे पहले मानेंगे लेकिन 37 साल की उम्र में भी धोनी इस खेल में सबसे तेज रन लेने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं।’ यह कमाल की बात है।
चैपल ने कहा, ‘बल्लों में सुधार की अनुमति देने और टी20 क्रिकट में खेलने के फायदे से, आंकड़ों के हिसाब से यह भारतीय बल्लेबाज बेवन से कही आगे है। इसमें कोई बहस नहीं हो सकती कि धोनी सर्वश्रेष्ठ वनडे फिनिशर हैं।’ धोनी के कुछ पिछली पारियों को लेकर आलोचकों ने खूब आलोचना की थी लेकिन इस खिलाड़ी ने एडिलेड में गगनचुंबी छक्का जमाकर उन सभी को चुप कर दिया। सर्वश्रेष्ठ वनडे बल्लेबाज की बहस के संबंध में इस कंगारू बल्लेबाज को लगता है कि विराट कोहली महान खिलाड़ी विव रिचर्ड्स, सचिन तेंदुलकर और एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ देंगे और अपने करियर का अंत ‘एकदिवसीय मैचों के सर डोनाल्ड ब्रैडमैन’ के तौर पर करेंगे। अगर विराट कोहली ऐसे ही खेलते रहे तो वह सचिन के रिकॉर्ड को बहुत ही जल्द तोड़ देंगे और शतको के मामलो में वह सचिन से कम से कम 20 शतक आगे होंगे।
धोनी को हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी विजयी पारियों के लिए ‘मैन आफ द सीरीज’ चुना गया। इससे भारत ने ऑस्ट्रेलिया में पहली वनडे सीरीज अपने नाम की। चैपल ने पूर्व भारतीय कप्तान की सूझबूझ और इतने लंबे समय तक खेलने के जज्बे को सलाम किया।



