पाकिस्तान ने भारतीय राष्ट्रपति को एयरस्पेस के इस्तेमाल की अनुमति देने से इनकार किया
पाकिस्तान एक तरफ तो जीवनरक्षक दवाओं के लिए भारत से गिड़गिड़ा रहा है, लेकिन दूसरी तरफ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को आइसलैंड जाने के लिए अपने एयरस्पेस के इस्तेमाल की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने शनिवार को बताया कि भारत ने राष्ट्रपति कोविंद की आइसलैंड की फ्लाइट के लिए अनुमति मांगी थी, जिसे पाकिस्तान ने नामंजूर कर दिया। बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार से 17 सितंबर तक के लिए आइसलैंड, स्विट्जरलैंड और स्लोवेनिया की यात्रा पर जाने वाले हैं। पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने सरकारी टीवी चैनल पीटीवी से बताया कि भारत के राष्ट्रपति को पाकिस्तानी एयरस्पेस के इस्तेमाल की इजाजत न दिए जाने के फैसले पर प्रधानमंत्री इमरान खान ने सहमति दी है। उन्होंने बताया कि कश्मीर के तनावपूर्ण हालात की वजह से यह फैसला लिया गया है।
जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म होने के बाद इमरान खान सरकार पर वहां के विपक्ष और कुछ मंत्रियों की तरफ से इस बात का काफी दबाव है कि पाकिस्तान भारत के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दे। हालांकि, पाकिस्तान ने भारत के लिए अपने एयरस्पेस को पूरी तरह बंद करने को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं किया है, लेकिन राष्ट्रपति कोविंद के प्लेन को इजाजत न देकर उसने अपने मंसूबे जता दिए हैं। कुरैशी ने पीटीवी से कहा कि नई दिल्ली का कश्मीर पर सख्त रुख एक गंभीर मुद्दा है और वह इसे संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में उठाएंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अगले हफ्ते सोमवार को आइसलैंड, स्विट्जरलैंड और स्लोवेनिया की यात्रा पर रवाना होंगे। वह अपनी यात्रा के दौरान इन देशों के साथ आर्थिक और राजनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिमी देशों के) गीतेश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रपति कोविंद 9 सितंबर से 17 सितंबर तक इन देशों के शीर्ष नेतृत्व के साथ चर्चा करेंगे और इस दौरान समुद्री अर्थव्यवस्था, विज्ञान एवं तकनीक, पर्यटन और जलवायु क्षेत्र में आपसी सहयोग के मुद्दे शीर्ष पर होंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के साथ बड़ी संख्या में कारोबारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी यात्रा करेगा। स्लोवानिया में यह किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की पहली यात्रा होगी।

