टीम इंडिया से बाहर चल रहे महेंद्र सिंह धोनी को बड़ा झटका लगा
करीब छह महीने से टीम इंडिया से बाहर चल रहे महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) को बड़ा झटका लगा है | भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने धोनी को अपने सालाना कॉन्ट्रैक्ट की लिस्ट से बाहर कर दिया है | एमएस धोनी (MS Dhoni) को पिछले साल ए ग्रेड कॉन्ट्रेक्ट दिया गया था | बीसीसीआई (BCCI) ने गुरुवार को सालाना कॉन्ट्रैक्ट की सूची (Annual Player Contracts) जारी की | इसमें कुल 27 खिलाड़ियों को जगह दी गई है | इन खिलाड़ियों को चार ग्रेड में बांटा गया है | इनमें दो विकेटकीपर ऋषभ पंत और ऋद्धिमान साहा शामिल हैं | ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को ग्रेड ए रखा गया है | ऋद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) को ग्रेड बी में जगह दी गई है | संजू सैमसन को कॉन्ट्रैक्ट की लिस्ट में जगह नहीं मिली है | केएल राहुल को तीसरे विकेटकीपर के तौर पर देखा जा रहा है | वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में विकेटकीपिंग का जिम्मा संभाल रहे हैं | उन्हें यह जिम्मेदारी ऋषभ पंत के चोटिल होने के बाद सौंपी गई है |
एमएस धोनी ने भले ही संन्यास के बारे में कुछ नहीं कहा हो, लेकिन बीसीसीआई ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है | उसने कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से धोनी को बाहर कर यह जता दिया है कि वह अब आगे बढ़ना चाहता है | धोनी ने 2004 में इंटरनेशनल लेवल पर डेब्यू किया था | उन्होंने भारत के लिए 150 वनडे, 90 टेस्ट, 98 टी20 मैच खेले हैं | एमएस धोनी के नाम भारत को दो बार विश्व चैंपियन बनाने की उपलब्धि है | भारत ने 2007 में धोनी की कप्तानी में पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था | इसके चार साल बाद धोनी ने एक बार फिर विश्व कप की ट्रॉफी उठाई | उन्होंने भारत को 2011 में वनडे विश्व कप में भारत को जीत दिलाई | भारत धोनी की कप्तानी में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी भी जीत चुका है | वे दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं, जिन्होंने अपनी टीम को आईसीसी की तीनों ट्रॉफी वनडे विश्व कप, टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी दिलाई है |

