खराब मौसम और कोहरे की वजह से 14 ट्रेनें देरी से चल रही
देश की राजधानी दिल्ली (Delhi) समेत उत्तर भारत (North India) में ठंड बरकरार है | हालांकि पिछले तीन दिन तक दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) के आसमान में गुनगुनी धूप देखने को मिली | लेकिन सोमवार को फिर से राजधानी में कोहरा देखने को मिला है | सुबह 8 बजे दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया | मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के इलाके में सोमवार देर शाम या मंगलवार को दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ से हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है | ठंडी हवाएं 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी | नमी का स्तर 90 प्रतिशत दर्ज किया गया है |
बारिश से मौसम साफ होगा और अधिकतम तापमान में बढ़त दर्ज हो सकती है | एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के आनंद विहार इलाके में मुख्य प्रदूषक का स्तर 371, रोहिणी में 391 और मुंडका में 337 दर्ज किया गया | जो कि बेहद निचले स्तर पर है | वहीं खराब मौसम (Weather) और कोहरे की वजह से लो विजिबिलिटी के कारण उत्तर रेलवे की 14 ट्रेनें (Trains) देरी से चल रही हैं | विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 27 से लेकर 31 जनवरी तक कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना है |

