JNU में हुए हमले के विरोध में छात्रों का विरोध प्रदर्शन, छात्रों को आज़ाद मैदान ले गयी मुंबई पुलिस
जेएनयू में रविवार को नकाबपोश बदमाशों ने छात्रों पर हमला कर दिया। इस घटना की निंदा करने के लिए सोमवार को विभिन्न संगठनों से जुड़े सैकड़ों छात्रों, एनजीओ और प्रमुख हस्तियों ने गेटवे ऑफ इंडिया पर विरोध प्रदर्शन किया। जेएनयू छात्रों और प्रोफेसरों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए छात्र भारतीय तिरंगा, बैनर और पोस्टर अपने साथ लिए हुए थे, उन्होंने नकाबपोश हमलावरों की हिंसा की कड़ी निंदा की।
जेएनयू हिंसा के विरोध में मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर परसों से डटे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने वहां से उठाकर आजाद मैदान शिफ्ट कर दिया है। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों के पास गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं थी। आज जब पुलिस प्रदर्शनाकारियों को हटाने पहुंची तो दोनों के बीच धक्का मुक्की भी हुई। पहले जानकारी सामने आयी कि पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है। हालांकि बाद में पुलिस की ओर से साफ किया कि किसी को हिरासत में नहीं लिया गया. पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को समझाने की भी कोशिश की गई।
मुंबई में चल रहे प्रदर्शन में दिखे एक पोस्टर से सियासी बवाल मच गया। इस पोस्टर में बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था 'FREE KASHMIR' इस पोस्टर की न सिर्फ बीजेपी, बल्कि कांग्रेस के नेताओं ने भी आलोचना की। जैसे ही ये पोस्टर मीडिया और सोशल मीडिया में आया, प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
कार्टर रोड पर जुटे बॉलीवुड के दिग्गज
जेएनयू में हुए हमले का विरोध करने के लिए बॉलीवुड की कई जानी मानी हस्तियां मुंबई में सड़क पर उतरी। मुंबई के कार्टर रोड पर सभी विरोध करने पहुंचे थे। इनमें अनुराग कश्यप, वासन बाला, अनुभव सिन्हा, रिचा चड्ढा, अली फजल, अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी, निर्देशक नीरज गेहवान, सुधीर मिश्रा, अभिनेता सौरभ शुक्ला, अमायरा दस्तूर, रेखा भारद्वाज, कुणाल कामरा, विशाल भारद्वाज, राहुल बोस, तापसी पन्नू, गौहर खान, दीया मिर्जा और जोया अख्तर जैसे सितारे मौजूद थे।
























