देश के 'बाल वीरों' को राष्ट्रपति कोविंद ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को 'बाल वीरों' को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इस साल भारतीय बाल कल्याण परिषद (ICWA) ने असाधारण बहादुरी के लिए दिए जाने वाले इन पुरस्कारों के लिए कुल 26 बच्चों को चुना गया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में इन बच्चों को मेडल और सर्टिफिकेट के साथ पुरस्कार राशि प्रदान की गई। ये बहादुर बच्चे 26 जनवरी को होने वाली परेड में भी शामिल होंगे।
इन पुरस्कारों में नवाचार, शैक्षिक, खेल, कला और संस्कृति, समाज सेवा और बहादुरी श्रेणी के तहत राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (जिसे अब बाल शक्ति पुरस्कार का नाम दिया गया है) के लिए एक संयुक्त पुरस्कार भी शामिल है। इस वर्ष बाल शक्ति पुरस्कार के लिए कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे। पुरस्कार विजेताओं के नामों को महिला बाल कल्याण मंत्री मेनका संजय गांधी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय चयन समिति द्वारा अंतिम रूप दिया गया है। पुरस्कार पाने वाले हर बच्चे को एक लाख दस हजार रुपये का इनाम मिलेगा।
























