पूर्व प्रधानमंत्री और BJP के वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि
पूर्व प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि पर पार्टी के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने के लिए पार्टी के नेता शुक्रवार सुबह पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के स्मारक 'सदैव अटल' पर पहुंचे। इनमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, यूपी प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेता शामिल हुए। इसके साथ ही वाजपेयी के बेटी नमिता कौल भट्टाचार्य और नातिन निहारिका ने भी स्मारक स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा के कई बड़े नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है।
भाजपा के ट्विटर अकाउंट से अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए ट्वीट किया, 'भारतीय जनता पार्टी के पितृ पुरुष, असंख्य कार्यकर्ताओं के पथ प्रदर्शक और हमारे प्रेरणा स्रोत भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रथम पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि। 'सदैव अटल' समाधि के केंद्रीय मंच में चौकोर और काली पॉलिश वाले ग्रेनाइट के नौ ब्लॉक लगे हैं, जिसके केन्द्र में एक दीया रखा गया है – यह नौ की संख्या नवरसों,नवरात्रों और नवग्रहों का प्रतिनिधित्व करती है। नौ चौकोर पत्थरों की इस समाधि का मंच एक गोलाकार कमल के आकार में है। मंच तक चार प्रमुख दिशाओं से पहुंचा जा सकता है। इसके लिए सफेद मिश्रित टाइलों से मार्ग बनाये गए हैं ताकि फर्श गर्म न हो। दीये की लौ क्रिस्टल में बनाई गई हैं जिसमें एलईडी लाइटें लगी हैं।






















