पुलवामा अटैक: सरकार ने एडवायजरी जारी कर कहा चैनल बरतें संयम
जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमले को लेकर केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने टेलीविजन चैनलों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि कोई भी चैनल ऐसी रिपोर्ट के प्रसारण में संयम बरतें जिससे हिंसा फैलने या कानून व्यवस्था में व्यवधान पहुंचने की थोड़ी भी आशंका हो। एडवायजरी में कहा गया है कि ऐसी रिपोर्ट काप्रसारण ना हो जिसमें सुरक्षा तंत्र की गरिमा और राष्ट्रियता पर उंगली उठाई जाए। मंत्रालय ने चेताया है कि ऐसा कोई भी कदम इससे संबंधित कानून का उल्लंघन माना जाएगा। पुलवामा में अवन्तीपुरा के गोरीपुरा इलाके में गुरुवार को सीआरपीएफ के काफिले पर बड़ा फिदायीन हमला हुआ है। हमले में 40 से ज्यादा जवानों की जान अब तक जा चुकी है, कई जवानों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। कई दर्जन जवान घायल बताए जा रहे हैं। जिस काफिले पर हमला हुआ, उसमें 2500 जवान शामिल थे। जैश-ए-मोहम्मद ने हमले की जिम्मेदारी ली है। जैश का आतंकी आदिल अहमद उर्फ वकास कमांडो विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर जवानों की बस से टकरा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हमले की निंदा की है। अन्य दलों के नेताओं ने भी हमले को कायराना करार देते हुए इसकी निंदा की है। महबूबा मुफ्ती ने कहा, मेरे पास इस हमले की निंदा करने के लिए पर्याप्त शब्द नहीं हैं।



