भारत के 200% कस्टम ड्यूटी बढ़ाने से पाकिस्तान के इन 10 प्रोडक्ट्स को लगेगा करारा झटका
पुलवामा अटैक के चलते मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा छिनने के बाद भारत ने पाकिस्तान को दूसरा झटका दिया है | भारत ने अब पाकिस्तान से भेजे जाने वाले सामानों पर बेसिक कस्टम ड्यूटी को 200 फीसदी तक बढ़ा दी है | इस एक्शन के बाद ताजे फलों, चमड़ा और सीमेंट सहित 10 प्रमुख उत्पादों के आयात को करारा झटका लगेगा | पाकिस्तान से भारत को मुख्य तौर पर 10 उत्पादों का निर्यात किया जाता है | इनमें ताजे फल, सीमेंट, पेट्रोलियम उत्पादों, खनिज और चमड़ा उत्पाद प्रमुख हैं |
इसके अलावा प्रसंस्कृत खनिज, अकार्बनिक रसायन, कच्चा कपास, सूती कपड़े, शीशा और शीशे का सामान पाकिस्तान से आयात होने वाले सामानों में 95 प्रतिशत तक हिस्सा रखते हैं | इस फैसले से पाकिस्तान के निर्यात को करारा झटका लगेगा | पाकिस्तान से दो मुख्य सामान फल और सीमेंट हैं, जिनका आयात होता रहा है और इन पर 30 से 50 प्रतिशत और 7.5 प्रतिशत सीमा शुल्क लगता रहा है | देश के जिन आयातकों ने ऑर्डर दिए हैं उनके सामने यह मुद्दा आएगा और उन्हें 200 फीसदी तक आयात शुल्क देना पड़ सकता है |



