यूपी के प्रयागराज में एक शादीशुदा महिला और उसके दो बच्चों को ज़िंदा जलाया
यूपी के प्रयागराज में एक शादीशुदा महिला और उसके दो बच्चों को ज़िंदा जलाकर मौत के घाट उतारे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है | ट्रिपल मर्डर का आरोप महिला के पति और उसके ससुर पर लगा है | आरोप है कि तीन और पांच साल के मासूम बच्चों को लोहे के एक बॉक्स में बंद कर दिया गया और उसके बाद उसमे केरोसिन आयल डालकर आग लगा दी गई | पुलिस ने आरोपी ससुर को हिरासत में ले लिया है, जबकि आरोपी पति अभी फरार है | महिला के मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है | मायके वालों का आरोप है कि पति और ससुर दहेज़ की मांग को लेकर महिला ऊषा देवी पटेल के साथ आए दिन मारपीट करते थे | यह सनसनीखेज मामला प्रयागराज के करछना इलाके के कपूर गांव का है | यहां रहने वाले रमेश कुमार की शादी तकरीबन सात साल पहले प्रयागराज की ही ऊषा देवी के साथ हुई थी | सुबह घर से जलने की गंध आई तो गांव के लोगों ने जानकारी ली | दरवाजा तोड़कर लोग घर में दाखिल हुए तो महिला ऊषा देवी का शव उसके बेडरूम में मिला | ऊषा के दोनों बच्चों पांच साल के अमन और तीन साल की दिव्यांशी के झुलसे हुए शव लोहे के बॉक्स में पाए गए | मौके पर पहुंची पुलिस ने ससुर को गांव के बाहर से हिरासत में ले लिया, जबकि आरोपी पति रमेश अभी फरार है | पुलिस अफसरों का कहना है कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें छापेमारी कर रही हैं |


