हमले के लिए सऊदी भेजे गए थे 10 ड्रोन, तेल उत्पादन हुआ आधा
सऊदी अरब (Saudi Arabia) में अरामको (Aramco) के दो बड़े संयंत्रों अब्कैक और खुरैस पर हूती विद्रोहियों के ड्रोन अटैक से लगी आग पर काबू पा लिया गया है | अंतरराष्ट्रीय मीडिया की रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इन हमलों के बाद वहां तेल उत्पादन में हर दिन 50 लाख बैरल की कमी आई है | ये सऊदी अरब के कुल तेल उत्पादन का आधा हिस्सा है | ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में भारी इजाफे की आशंका जताई जा रही है | यमन में मौजूद ईरान समर्थित हूती विद्रोही संगठन के एक वरिष्ठ सदस्य याह्या सारए ने बताया कि इस हमले को अंजाम देने के लिए 10 ड्रोन सऊदी भेजे गए थे | याह्या ने अल-मसिरह टीवी को बताया कि आने वाले वक्त में ऐसे हमलों को अंजाम दिया जा सकता है | सऊदी अरब के अधिकारियों की तरफ से अब तक याह्या के दावों का कोई जवाब नहीं आया है | सऊदी की सरकारी मीडिया का कहना है कि इस हमले में दोनों प्रतिष्ठानों में भीषण आग लग गई | जारी की गई तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि अरामको की सबसे बड़ी रिफाइनरी वाले इलाके में भयानक आग लगी थी |
दूसरा ड्रोन हमला खुरैस तेल के इलाके में हुआ और वहां भी आग लग गई | यमन के हूती विद्रोहियों (Houthi rebels) ने सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल कंपनी अरामको पर ड्रोन हमले किए थे | सऊदी अरब में तेल की दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी के दो संयंत्रों में शनिवार को ड्रोन से हमला किया गया था | ऐसा माना जाता है कि हूति विद्रोहियों को ईरान का समर्थन प्राप्त है | ईरान (Iran) के साथ चल रहे क्षेत्रीय तनावों के बीच यह हमला हुआ है | इन हमलों से पता चलता है कि ईरान से जुड़े हूती विद्रोही सऊदी अरब में तेल प्रतिष्ठानों के लिए कैसे गंभीर खतरा बन गए हैं | सऊदी अरब दुनिया में कच्चे तेल का सबसे बड़ा निर्यातक है | हाल के महीनों में हूती विद्रोहियों ने सीमा पार सऊदी अरब के हवाईअड्डों और अन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं | इसे वह यमन में विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों में सऊदी अरब के नेतृत्व में लंबे समय से की जा रही बमबारी का बदला बताते हैं | हमले के बाद सऊदी अरब और ईरान के बीच तनाव चरम पर है | आधिकारिक सऊदी समाचार एजेंसी ने ऊर्जा मंत्री शहजादा अब्दुलअजीज के हवाले से बताया कि हमले की वजह से अब्कैक और खुरैस में अस्थायी तौर पर उत्पादन का काम रोक दिया गया है | इसी बीच अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने इन हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया | पोम्पिओ ने कहा - ईरान ने दुनिया के ऊर्जा आपूर्ति पर अप्रत्याशित हमला किया |


