भारत को जीत के लिए मिला 244 लक्ष्य
आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का तीसरा मैच बे-ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड की टीम ने भारतीय टीम को जीत के लिए 244 रन का लक्ष्य दिया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम 48.5 ओवर में 243 रन बनाकर ढेर हो गई। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने इस मैच में दो बदलाव किए हैं। महेंद्र सिंह धोनी मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर दिनेश कार्तिक को अंतिम एकदाश में चुना गया है। इसके अलावा प्रतिबंध के बाद लौट रहे हार्दिक पांड्या की टीम में वापसी हुई है।
उन्हें विजय शंकर की जगह मौका दिया गया है। वहीं, मेजबान टीम ने अंतिम एकादश में एक बदलाव किया है। कोलिन डी ग्रांडहोम के स्थान पर मिशेल सैंटनर को शामिल किया गया है। सीरीज के शुरुआती दो मैचों में विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुकी है। ऐसे में उसकी नजर एक बार फिर जीत हासिल कर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल करने पर है। यह विराट कोहली का न्यूजीलैंड दौरे पर आखिरी मैच होगा। ऐसे में विराट कोहली इस मैच में जीत हासिल कर ऑस्ट्रेलिया के बाद न्यूजीलैंड में भी जीत का सेहरा अपने सिर बांधना चाहेंगे।

