बारिश की वजह से रद्द हुआ एक और मैच
आईसीसी विश्व कप 2019 में श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच होने वाला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया है। मैच रद्द होने की वजह से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिल गए हैं। बता दें कि दोनों के बीच मुकाबला ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर खेला जाना था। बांग्लादेश ने विश्व कप में शानदार शुरुआत की थी। उसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह विकेट पर 330 रन का अपना सर्वोच्च वनडे स्कोर बनाने के बाद 21 रन से जीत दर्ज की थी। लेकिन इसके बाद उसकी टीम यह लय बरकरार नहीं रख पायी तथा उसे न्यूजीलैंड से दो विकेट और मेजबान इंग्लैंड से 106 रन से हार झेलनी पड़ी।
श्रीलंका भी पहले मैच में न्यूजीलैंड से दस विकेट से करारी शिकस्त झेलने के बाद वापसी को लेकर आशान्वित होगा। दिमुथ करूणारत्ने की अगुवाई वाली टीम ने अफगानिस्तान को हराकर कुछ राहत की सांस ली है लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ बारिश के कारण मैच रद्द होने से उसे अंक बांटने पड़े।


