आयुष्मान खुराना की फिल्म बाला का ट्रेलर रिलीज होते ही खूब देखा जा रहा
अभिनेता आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) ने एक बार फिर जबरदस्त धमाका किया है | हाल ही में उनकी आने वाली फिल्म 'बाला' का ट्रेलर (Bala Trailer) रिलीज हो गया है | रिलीज होते ही ये ट्रेलर खूब देखा जा रहा है | इस ट्रेलर को रिलीज के कुछ मिनटों के भीतर ही लाखों व्यूज मिल चुके हैं | इस ट्रेलर में आयुष्मान खुराना अपने गंजेपन से परेशान हैं और बाल उगाने के लिए तरह-तरह की जुगत लगा रहे हैं | लेकिन मुश्किल से मुश्किल उपाए आजमाने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान होता नजर नहीं आ रहा है | सिर्फ घरेलू नुस्खे ही नहीं आयुष्मान हेयर ट्रांस्प्लांट की तरकीब भी आजमाने जाते हैं लेकिन निराश होकर लौटते हैं | आखिरकार उनका काम क्या आता है आप ट्रेलर में खुद ही देख लीजिए |
इस फिल्म में आयुष्मान खुराना तो लीड रोल में हैं ही, उनके अलावा अभिनेत्री भूमि पेडनेकर, यामी गौतम, सीमा भार्गव, अभिनेता सौरभ शुक्ला और मनोज पहवा भी अहम किरदारों में दिखाई दे रहे हैं | इस फिल्म की सबसे खास बात शानदार डायलॉग हैं | हर एक सीन में जान डाल देने वाले डायलॉग लोगों को हंसाते भी हैं और बाला की समस्या की गंभीरता भी दिखाते हैं | अमर कौशिक द्वारा निर्देशित ये फिल्म 7 नवंबर 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है | अमर कौशिक इससे पहले राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म 'स्त्री' का निर्देशन भी कर चुके हैं | इस फिल्म को ट्रेलर रिलीज के बाद से ही तारीफें मिल रही हैं |




























