बॉक्स ऑफिस पर तीनों फिल्मों में से वॉर ने गज़ब ढा रखा है
2 अक्टूबर के दिन तीन बड़ी फिल्में रिलीज़ हुईं | ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की ‘वॉर’, चिरंजीवी की तेलुगु भाषा की फिल्म ‘सये रा नरसिम्हा रेड्डी’ और हॉलीवुड फिल्म ‘जोकर’ तीनों फिल्मों में से ‘वॉर’ ने गज़ब ढा रखा है | ‘वॉर’ ने इंडिया में रिलीज़ के बस 5 दिन में ही 166 करोड़ से ज़्यादा का बिजनेस कर लिया है | फिल्म की इस रफ़्तार को देखते हुए ऐसे अनुमान भी लगाए जा रहे हैं कि ये फिल्म जल्द ही 200 करोड़ का आंकड़ा छूकर सबसे जल्दी 200 करोड़ बनाने वाली फिल्म का रिकॉर्ड भी बना सकती है | जाहिर है ये वाला रिकॉर्ड तो ‘वॉर’ आगे बनाएगी, लेकिन जो रिकॉर्ड ये बना चुकी है उनके बारे में हम आपको बता देते हैं | वॉर ने हिंदी भाषा में 51.60 करोड़ और तमिल-तेलुगू मिलाकर 1.75 करोड़ कमाकर पहले दिन का कलेक्शन 53.35 करोड़ करवा दिया | इसने सलमान खान की भारत (42.30 करोड़), मिशन मंगल (29.16 करोड़), साहो (हिंदी) (24.40 करोड़) और कलंक (21.60 करोड़) के फर्स्ट डे कलेक्शन को पछाड़ दिया है |

ये फिल्म ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ के करियर की और यशराज फिल्म्स की अब तक की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है | ये 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली YRF की पांचवी फिल्म है | भारत में 4000 स्क्रीन्स पर (हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषा) में रिलीज़ होने वाली ‘वॉर’ ने फिल्म के पहले वीकेंड पर ज़ोरदार 128 करोड़ 85 लाख की कमाई करके ये रिकॉर्ड बनाया है | ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ और ‘वॉर’ के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद के करियर की ‘वॉर’ वो फिल्म है जिसने रिलीज़ के दिन यानी बुधवार से रविवार (एक्सटेंडेड वीकेंड) तक सबसे ज़्यादा 166 करोड़ 25 लाख की कमाई की | इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर सलमान खान की ‘भारत’ 150 करोड़ 10 लाख रुपए कमाकर और तीसरे नंबर पर ‘मिशन मंगल’ 97 करोड़ 56 लाख बटोरकर खड़ी है | इन सबके अलावा ‘वॉर’ ने 5 दिनों में ‘केसरी’, ‘साहो'(हिंदी version) , ‘टोटल धमाल’, ‘सुपर 30’, ‘छिछोरे’ और ‘गली बॉय’ के भारत के लाइफटाइम बिज़नस को पार कर दिया है | वॉर के साथ सिनेमाघरों में मेगास्टार चिरंजीवी की फिल्म ‘साय रा नरसिम्हा रेड्डी’ भी रिलीज़ हुई जिसने 5 दिन में वर्ल्डवाइड 155 करोड़ से ज़्यादा कमाए | वहीं दूसरी तरफ थी हॉलीवुड फिल्म ‘जोकर’ जिसने करीब 10 करोड़ का बिज़नस किया |




















