फिल्म हाउसफुल 4 ने बॉक्स ऑफिस पर अपना कब्जा जमाया
अक्षय कुमार (Akshay Kumar), रितेश देशमुख, बॉबी देओल और कृति सेनन की फिल्म हाउसफुल 4 (Housefull 4) ने बॉक्स ऑफिस पर अपना कब्जा जमाया हुआ है |अक्षय कुमार की फ़िल्म हाउसफुल 4 ने 200 करोड़ क्लब में एंट्री ली है। अक्षय के करियर की यह दूसरी 200 करोड़ी फ़िल्म है। ख़ास बात यह है कि अक्षय ने इसी साल मिशन मंगल से इस क्लब में डेब्यू किया है। रविवार को तीसरे वीकेंड के बाद हाउसफुल 4 बॉक्स ऑफ़िस पर 198.83 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी थी। 200 करोड़ के पड़ाव पर पहुंचने के लिए फ़िल्म को सिर्फ़ 1.17 करोड़ की दरकार थी। सोमवार को फ़िल्म ने 1.75 करोड़ का कलेक्शन किया और इसके साथ हाउसफुल 4 का 18 दिनों का नेट कलेक्शन 200.58 करोड़ हो गया।हाउसफुल 4 ने अक्षय की मिशन मंगल को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 200.16 करोड़ का कलेक्शन किया था। 2019 अक्षय कुमार के लिए बेहतरीन साल रहा है।
उनकी 2 फ़िल्में 200 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी हैं। 2019 की सभी फ़िल्मों की बात करें तो साल की यह पांचवी 200 करोड़ कमाने वाली फ़िल्म बन चुकी है। साल की शुरुआत में रिलीज़ हुई विक्की कौशल की उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक पहले फ़िल्म थी, जो 200 करोड़ क्लब में पहुंची। इसके बाद सलमान ख़ान की भारत ने 200 करोड़ क्लब में एंट्री ली। शाहिद कपूर की कबीर सिंह ने भी 200 करोड़ क्लब में अपनी उपस्थिति दर्ज़ करवाई और फिर अक्षय की मिशन मंगल इस क्लब में शामिल हुई। हाउसफुल 4 का यह तीसरा हफ़्ता चल रहा है। फ़िल्म ने तीसरे शुक्रवार को 1.95 करोड़ कमाये, जबकि शनिवार और रविवार को कमाई में उछाल आया। शनिवार को फ़िल्म को जहां 2.80 करोड़ मिले, वहीं रविवार को 4.35 करोड़ बटोर लिये थे। आपको बता दे कि हाउसफुल 4 को फरहाद सामजी ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में अक्षय के साथ रितेश देशमुख, बॉबी देओल, चंकी पांडेय, कृति सनोन, कृति खरबंदा और पूजा हेगड़े ने मुख्य किरदार निभाये हैं।

























