पांचवें दिन फिल्म मरजावां ने इतने करोड़ का कलेक्शन किया
फ़िल्म मरजावां ने 5 दिनों में सिद्धार्थ की पिछली दो फ़िल्मों के लाइफ़ टाइम कलेक्शन से अधिक कमाई कर ली है। रिलीज़ के पांचवें दिन मरजावां ने 3.61 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसके साथ फ़िल्म का 5 दिनों का कलेक्शन 32.18 करोड़ हो चुका है। फ़िल्म सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अब 5 दिनों में इसकी कमाई सिद्धार्थ की पिछली दो फ़िल्मों के टोटल से आगे निकल चुकी है। इसी साल आयी जबरिया जोड़ी ने 14.50 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया था, जबकि पिछले साल आयी अय्यारी 17.01 करोड़ ही जुटा सकी थी। 15 नवंबर को रिलीज़ हुई मरजावां ने शुक्रवार को 7.03 करोड़, शनिवार को 7.21 करोड़, रविवार को 10.18 करोड़ और सोमवार को 4.15 करोड़ जमा किेये थे।
ट्रेंड से लग रहा है कि फ़िल्म पहले हफ़्ते में 35 से 40 करोड़ के बीच रकम जुटा लेगी। मरजावां को मिलाप ज़वेरी ने निर्देशित किया है और फ़िल्म में सिद्धार्थ के साथ तारा सुतारिया और रकुल प्रीत फीमेल लीड रोल में हैं। रितेश देशमुख ने विलेन का किरदार निभाया है। मरजावां सत्तर और अस्सी के दशक में आने वाली रोमांटिक एक्शन फ़िल्मों की तर्ज़ पर बनायी गयी है, जिसमें डायलॉग्स की हैवी डोज़ है। मरजावां की कामयाबी सिद्धार्थ मल्होत्रा के लिए बेहद ज़रूरी है। उनकी पिछली कुछ फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस की रेस में पिछड़ गयी थीं। सिद्धार्थ ने 2012 में करण जौहर की फ़िल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर से बॉलीवुड में बतौर एक्टर डेब्यू किया था। इससे पहले 2014 में आयी एक विलेन फ़िल्म ने 105.50 करोड़ का कलेक्शन किया था और सुपरहिट रही थी। 100 करोड़ क्लब में सिद्धार्थ की यह अकेली फ़िल्म है।
























