आधार से लिंक करवा लें वरना नहीं मिलेगा बीमे का लाभ
आपके पास यदि किसान क्रेडिट कार्ड है और आपने प्रधानमंत्री फसल बीमा करवाया हुआ है तो उसे आधार से लिंक करवा लें | ऐसा नहीं हुआ तो फसल खराब होने पर बीमा का लाभ नहीं मिल पाएगा | आईसीआईसीआई बैंक ने अपने ग्राहकों से कहा है कि वे बुधवार तक यानी 31 जुलाई तक केसीसी को आधार से लिंक करा लें | अब इसके लिए आपके पास सिर्फ 24 घंटे हैं | उधर, सरकारी बीमा कंपनी नेशनल इंश्यारेंस ने कहा है कि अगर बीमा का लाभ लेना है कि किसानों को किसी आपदा के 12 घंटे के अंदर व्यक्तिगत रूप से बीमा कंपनी में जाकर फसल खराब होने का दावा पेश करना होगा | प्रधानमंत्री फसल बीमा की प्रीमियम की राशि केसीसी खाते से ली जाती है | खरीफ फसल बीमा कराने की अंतिम तारीख 31 जुलाई है | इसलिए सभी ग्राहक आधार लिंक करा लें | उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने यहां के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में फसल बीमा का लाभ उठाने की अपील की है | कर्जदार और गैर कर्जदार दोनों किसान इसका फायदा उठा सकते हैं | 2019 में सरकार के सहयोग से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना को यूपी के सभी जिलों में चलाने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है |
इन फसलों का होगा बीमा
खरीफ मौसम: धान, मक्का, ज्वार, बाजरा, उरद, मूंग, मूंगफली, तिल, सोयाबीन, अरहर |
कर्जदार किसानों के लिए
>>नेशनल इंश्यारेंस ने कहा है कि सभी किसान क्रेडिट कार्ड धारक और फसली कर्ज लेने वाले किसान अपने नजदीकी सरकारी, निजी, सहकारी बैंक या उसके कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं |
जो कर्जदार नहीं है उनके लिए
>>जिन किसानों ने खेती-किसानी के लिए किसी तरह का कर्ज नहीं ले रखा है वे जन सुविधा केंद्र या बीमा पोर्टल से सीधे फसल का बीमा करवा सकते हैं |
>>देश में इस समय 14.5 करोड़ किसान परिवार हैं, जबकि केसीसी सिर्फ 6.92 करोड़ किसानों के पास ही हैं | मोदी सरकार ने इसे बनवाने की प्रक्रिया तेज की है |























