PM मोदी ने कहा-आतंकवाद वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए बहुत गंभीर खतरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि आतंकवाद वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए बहुत गंभीर खतरा है और आतंकवादियों और उनके मानवता विरोधी समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई से हिचकना भी आतंकवाद को बढ़ावा देना है | अब सारी दुनिया को आतंकवाद और उसके समर्थकों के विरुद्ध एकजुट होकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है | दोनों देशों ने सूचना प्रौद्योगिकी, संचार प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा और कृषि समेत अन्य क्षेत्रों में सहयोग को गहरा बनाने के लिये 10 सहमति पत्र को अंतिम रूप भी दिया |
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति मैक्री के साथ उनकी यह पांचवी मुलाकात दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों की तेज़ रफ्तार और बढ़ते महत्व को दर्शाती है | प्रधानमंत्री ने कहा - दोनों देशों ने अपने साझा मूल्यों और हितों को देखते हुए और शांति, स्थिरता, आर्थिक प्रगति तथा समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए, अपने संबंधों को सामरिक सहयोग के स्तर का बनाने का निर्णय लिया है |' भारत और अर्जेंटीना कई मायनों में एक दूसरे के पूरक हैं | हमारा यह प्रयास है कि आपसी हित के लिए इनका पूरा लाभ उठाया जाए | अर्जेन्टीना के राष्ट्रपति मैक्री का सोमवार सुबह राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक स्वागत किया गया | इस दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद थे |


















