सर्वदलीय बैठक में 3 अहम प्रस्ताव पास हुए
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले के बारे में विपक्षी दलों को पूरी जानकारी देने और भारत के अगले कदम के बारे में चर्चा करने के लिए दिल्ली में शनिवार को सर्वदलीय बैठक हुई | इस बैठक में 3 अहम प्रस्ताव भी पास हुए, जिसमें साफ कहा गया है कि हम हर रूप में आतंकवाद और सीमा-पार से उसे मिल रहे समर्थन की निंदा करते है | इसमें सभी ने पुलवामा हमले की एक सुर में निंदा की | इसके तहत 14 फरवरी को पुलवामा में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई |

इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए है | इसमें कहा गया है कि हम अपने देशवासियों के साथ शोकाकुल परिवार के साथ हैं | प्रस्ताव में कहा गया है कि हम भारत की एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमारे सुरक्षा बलों के साथ एकजुटता से खड़े हैं | इस बैठक के बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि पठानकोट और उरी हमले के बाद भी प्रस्ताव पास हुए थे. हमने केंद्र सरकार से कहा कि अब कार्रवाई करनी चाहिए |


















