वाराणसी में पीएम मोदी पहुंचे रिक्शे वाले से मिलने, मिला था उनकी बेटी की शादी का न्योता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) 16 फरवरी को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में थे. पीएम मोदी ने बनारस की जनता को 1200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। वाराणसी में उन्होंने रिक्शा चालक मंगल केवट से भी मुलाकात की। मंगल केवट वहीं रिक्शा चालक हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री को अपनी बेटी की शादी में आमंत्रित किया था। पीएम ने उनसे मुलाकात कर परिवार का हाल-चाल जाना. साथ ही प्रधानमंत्री ने 'स्वच्छ भारत' अभियान में मंगल केवट के योगदान को लेकर उनकी सराहना की।
मंगल केवट की बेटी की शादी पर पीएम मोदी ने पत्र भेजकर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं। प्रधानमंत्री का पत्र पाकर केवट परिवार फूले नहीं समा रहा है। मंगल केवट ने इस बारे में कहा, 'हमने पहला निमंत्रण पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को भेजा था। मैं खुद शादी का कार्ड लेकर दिल्ली गया था और पीएमओ को सौंपा था। 8 फरवरी को हमें मोदी जी की ओर से बधाई पत्र मिला। हम पत्र पाकर बेहद उत्साहित हो गए थे।
मंगल केवट और उनकी पत्नी रेनू देवी ने पीएम के वाराणसी दौरे पर उनसे मिलने की इच्छा जाहिर की थी। जिसके बाद उन्होंने रविवार को प्रधानमंत्री से मुलाकात की। बताते चलें कि पीएम मोदी से प्रेरित होकर ही मंगल केवट ने अपने गांव में गंगा नदी की सफाई का जिम्मा उठाया। पीएम मोदी ने 'स्वच्छ भारत' अभियान और गंगा नदी की सफाई को लेकर मंगल की तारीफ की।
























