शिव भक्तों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर अपना शुभकामना संदेश दिया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव भक्तों को ट्वीट कर अपना शुभकामना संदेश प्रेषित किया | उन्होंने ट्वीट किया - देवाधिदेव महादेव की आराधना को समर्पित 'महाशिवरात्रि' के पवित्र पर्व की सभी भक्तों को असंख्य शुभकामनाएं | भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना है कि वे हमें अपने आशीर्वाद से अभिसिंचित करें और समस्त जगत का कल्याण करें | हर हर महादेव |
मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज में संगम तट पर चल रहे माघ मेले को लेकर ट्वीट किया - त्याग, भक्ति और मुक्ति का अनुपम समन्वय, 'माघ मेला' का आज अंतिम स्नान है | कल्पवास के त्याग, श्रद्धा के समर्पण और संन्यास के संकल्प से दीप्त माघ मेला में आज, महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर त्रिवेणी के पवित्र जल में स्नान का पुण्य लाभ अर्जित कर रहे श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं | सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर अपने गृहनगर गोरखपुर में हैं | अपने इस दौरे के दूसरे दिन उन्होंने महाशिवरात्रि के अवसर पर गोरक्षनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की | शुक्रवार सुबह सीएम योगी अपनी दिनचर्या के हिसाब से मंदिर की गौशाला में गए | इसके बाद जनता दरबार में लोगों की फरियाद सुनी | इसके बाद वे पूजा करने के लिए बैठे | उन्होंने महाशिवरात्रि के अवसर पर पीतेश्वरनाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक किया |
























