उबर ड्राइवर ने कैब से नीचे उतार कर एक्ट्रेस को धमकी दी
कोलकाता में एक बंगाली टेलीविजन एक्ट्रेस ने आरोप लगाया है कि उन्हें बुधवार को उबर ड्राइवर ने कैब से नीचे उतार दिया और धमकी दी | यह घटना उस वक्त हुई जब वह शूटिंग के लिए जा रही थीं | एक्ट्रेस का नाम स्वास्तिका दत्ता है और वह बंगाली सीरियल्स की पॉपुलर एक्ट्रेस हैं | उन्होंने इस घटना के बारे में फेसबुक पर लिखा और आरोपी ड्राइवर की फोटो भी शेयर की | आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है | दत्ता ने बताया कि इस शख्स का नाम जमशेद है और इसने मुझे घर से पिक किया, फिर बीच रोड पर मेरी ट्रिप कैंसल कर दी और मुझे कार से उतर जाने को कहा | जब उन्होंने कार से बाहर निकलने से मना कर दिया तो उसने कार घुमा ली और उन्हें अपने एरिया में ले गया और गाली दी | दत्ता ने लिखा - वह कार से उतरा और दरवाजा खोलकर उसने मुझे कार से धक्का दे दिया | जब मैंने अपना गुस्सा जाहिर किया और लोगों से मदद मांगी तो उसने मुझे धमकाया और बाकी लड़कों को इकट्ठा कर लिया | दत्ता ने बताया - ड्राइवर ने कहा कि जो तुम कर सकती हो वो कर लो, देखता हूं कि क्या कर लोगी | दत्ता ने बताया - मुझे शूटिंग के लिए देर हो रही थी और यूनिट मेरा इंतजार कर रही थी, इसलिए उस समय मुझे वहां से जाना पड़ा | बाद में मैंने अपने पिता से बात की और जो कानूनी कार्रवाई करने की जरूरत है, वो मैं करूंगी | कोलकता पुलिस ने ट्विटर के जरिए दत्ता को जवाब देते हुए कहा कि कोलकाता पुलिस एक्शन ले रही है और आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा |

